मनोरंजन
18-Nov-2025
...


मुंबई (ईएमएस)। लोकप्रिय फिल्म ‘जब तक है जान’ के 13 साल पूरे होने के मौके पर निर्माता ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के कुछ यादगार सीन्स की तस्वीरें साझा कीं और लिखा, यह कहानी प्यार, दिल टूटने का दर्द और किस्मत से भरी है। ‘जब तक है जान’ ने हमें सच्चे प्यार पर यकीन करना सिखाया। यशराज फिल्म्स की यह फिल्म साल 2012 में रिलीज़ हुई थी और यश चोपड़ा के निर्देशन में बनी इस रोमांटिक ड्रामा का निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया था। फिल्म में शाहरुख खान, कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा ने मुख्य भूमिकाएँ निभाई थीं। इसमें रोमांस के साथ-साथ लव ट्राएंगल को भी दर्शाया गया था, जिसने दर्शकों का दिल जीत लिया। हालांकि फिल्म को 13 साल हो गए हैं, लेकिन इसकी कहानी, किरदार और गाने आज भी लोगों के दिलों में उतने ही लोकप्रिय हैं। ‘छल्ला’, ‘इश्क शावा’, ‘जियारे’ और टाइटल सॉन्ग ‘जब तक है जान’ आज भी श्रोताओं को बेहद भाते हैं। शाहरुख और कैटरीना के डांस सीन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, जबकि अनुष्का की परफॉर्मेंस खासकर ‘जिया रे’ गाने में दर्शकों के लिए यादगार रही। यह फिल्म अनुष्का की आठवीं बड़ी रिलीज़ थी। फिल्म का संगीत इतना शानदार था कि इसे एक म्यूजिकल फिल्म के रूप में भी सराहा गया। शाहरुख खान ने फिल्म में भारतीय सेना के ऑफिसर का किरदार निभाया था, वहीं कैटरीना ने मीरा नाम की भोली-भाली लड़की के रूप में अपनी मासूमियत दिखाई। अनुष्का ने अकीरा का चुलबुला किरदार निभाया, जो लंदन में डिस्कवरी चैनल में नौकरी पाने की चाह रखती थी। इसके अलावा, नीतू सिंह और ऋषि कपूर की गेस्ट परफॉर्मेंस ने फिल्म में और भी चार चाँद लगा दिए। ‘जब तक है जान’ ने रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया। सुदामा/ईएमएस 18 नवंबर 2025