क्षेत्रीय
19-Nov-2025
...


जबलपुर, (ईएमएस)। भारत निर्वाचन आयोग और शासन के द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप जबलपुर में एस.आई.आर. (विशेष गहन पुनरीक्षण) मतदाता सूची को अंतिम रूप देने कार्य किया जा रहा है। इस महात्वपूर्ण कार्य को समय सीमा में करने की चुनौती को स्वीकार कर नगर निगम के अधिकारी कर्मचारी भी प्रशासन के साथ संकल्पित भाव से मैदान में उतरकर पूरा अमला सुबह 6 बजे से रात्रि के 10 बजे तक कर रहे हैं। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में मतदाता गहन पुनरीक्षण स्पेशल इंटेन्सिव रिविजन का कार्य बहुत जोरों से चल रहा है। जिसमें नगर निगम जबलपुर की भूमिका अतिसराहनीय है। इन कार्यो में नगर निगम के 1255 से अधिक अधिकारी कर्मचारी लगे हैं, इसके साथ-साथ 400 से अधिक वाहनों के माध्यम से अनाउंसमेंट के अलावा विधानसभावार रथ के माध्यम से भी शहर के चौराहों, तिराहों पर चौपाल लगाकर फार्म वितरण की जानकारी से लेकर भरने और शीघ्रता के साथ वापिस करने की जानकारी दी जा रही है तथा मतदाताओं को इस संबंध में जागरूक भी किया जा रहा है। शहर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 1-1 चौपाल रथ के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक करने का अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्य रात्रि के 10 बजे तक किया जा रहा है। इस संबंध में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के द्वारा बताया गया कि कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्य तेजगति से कराये जा रहे हैं। उन्होंने अवगत कराया कि उनकी पूरी कोशिश है कि निर्धारित समय सीमा में एस.आई.आर. के कार्यो को पूर्ण कराने के लिए सभी लोग साकारात्मक सोच के साथ पूर्ण करने की दिशा में लगे हुए हैं।