सरकार ने सख़्त निगरानी में तेज किया भुगतान रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला पूरे जोर पर है। खरीदी के सिर्फ 5वें दिन, 19 नवंबर को ही 7,11,335 क्विंटल धान की रिकॉर्ड खरीद हुई—यह आंकड़ा बीते चार दिनों की कुल खरीदी के लगभग बराबर है। 15 नवंबर से अब तक राज्य में 14,54,451 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर धान खरीदी के साथ-साथ किसानों को समर्थन मूल्य का भुगतान भी तेजी से शुरू कर दिया गया है। मार्कफेड ने अपेक्स बैंक को 214.18 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। सरकार पहले ही मार्कफेड को 26,200 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी उपलब्ध करा चुकी है, ताकि किसानों को भुगतान में कोई दिक्कत न आए। राज्यभर के सभी उपार्जन केंद्रों पर व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मैदान में जाकर केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। धान खरीदी में किसी तरह की धांधली न हो, इसके लिए जिले-दर-जिले चेकपोस्टों पर तैनाती बढ़ा दी गई है। मॉलवाहक वाहनों की औचक जांच जारी है। सघन अभियान के तहत अब तक 373 मामलों में अवैध परिवहन पकड़ा गया है और 25,567 क्विंटल धान जब्त किया गया है। मध्य और मैदानी जिलों में धान की आवक तेज हो चुकी है। खरीदी के आंकड़े इस प्रकार हैं: बालोद – 1,44,468 क्विंटल,बेमेतरा – 1,86,972 क्विंटल,दुर्ग – 1,33,514 क्विंटल,कवर्धा – 58,958 क्विंटल,राजनांदगांव – 1,60,247 क्विंटल,खैरागढ़-छुईखदान-गंडई – 90,416 क्विंटल बलौदाबाजार-भाटापारा – 1,18,565 क्विंटल,धमतरी – 1,55,275 क्विंटल,गरियाबंद – 64,090 क्विंटल,महासमुंद – 60,883 क्विंटल,रायपुर – 1,52,850 क्विंटल किसान टोकन तुंहर ऐप के ऑनलाइन टोकन सिस्टम से खासे संतुष्ट हैं। उनका मानना है कि इससे धान बेचने की प्रक्रिया आसान और पारदर्शी हुई है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए 26.50 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है, जबकि पंजीकृत रकबा 29.27 लाख हेक्टेयर है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 नवम्बर 2025