राज्य
23-Nov-2025
...


गंजबासौदा में शुरू होगा नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज -त्योंदा में कॉलेज और ग्यारसपुर को नगर पंचायत बनाने की घोषणा भोपाल (ईएमएस) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को विदिशा जिले के गंजबासौदा में सिविल अस्पताल के नवनिर्मित भवन के लोकार्पण सहित अन्य विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, विदिशा के प्रभारी, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल विशेष रूप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने त्योंदा में कॉलेज खोलने, ग्यारसपुर को नगर पंचायत बनाने, गंजबासौदा नगर पालिका की सीमा बढ़ाने, गंजबासौद में नर्सिंग और पैरामेडिकल कॉलेज आरंभ करने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों, महिलाओं और युवाओं के बेहतरी के लिए राज्य सरकार द्वारा विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। नदी जोड़ो अभियान के अंतर्गत प्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़ाने और हर खेत तक पानी पहुंचाने के लक्ष्य का कार्य जारी है। भावान्तर योजना से सोयाबीन का वाजिब मूल्य दिलाते हुए किसानों के हक के पैसे उनके खातों में भेजे जा रहे हैं। किसानों से गेंहूँ की खरीदी भी 2600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। महिला सशक्तिकरण के लिए लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह की गई है। उद्योगों में काम करने वाली बहनों को 5 हजार रुपये प्रतिमाह दिलाने के उद्देश्य से नारी सशक्तिकरण योजना के तहत उद्योगों को राशि उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश में हर युवा को रोजगार से जोड़ते हुए उनकी जिन्दगी बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज बासौदा को 150 करोड़ रुपये की लागत से 54 विकास कार्यों की सौगात मिली है। इसमें 32 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से बने 150 बिस्तरीय नवीन सिविल अस्पताल लोकार्पित किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जमांधर नदी पर 4 करोड़ की लागत से बने ब्रिज, 13 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत से निर्मित विभिन मार्गों, लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से 04 केवी उपकेन्द्र में ट्रांसफार्मर, लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से 11 ग्रामो में नलजल योजनाओं, 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से सब जेल गंजबासौदा में 40 बंदियों के लिए बनी जेल बैरक, 1 करोड़ 79 लाख रुपये की लागत से बने सीएचओ आवास सहित 03 उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 85 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से 28 विकास कायों का भूमिपूजन भी किया। विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी केंद्रीय कृषि किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। केंद्र और राज्य सरकार दोनों मिलकर प्रदेश के विकास की गति को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में विकास का एक नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रदेश में कृषि, उद्योग, स्वास्थ्य, सिंचाई, सडक़ और पेयजल सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। भारत सरकार की योजनाओं को मध्यप्रदेश में गति देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार प्रयास कर रहे हैं और उनका पूरा सहयोग मिल रहा है। विदिशा जिला और बासौदा से मेरा वर्षों से संबंध रहा है। यहां की जनता में मेरे लिए अद्भुत प्रेम है, मेरी सांसों और हृदय में यहां की जनता बसती है। यहां के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। किसानों की तरक्की पर फोकस केन्द्रीय मंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुझे कृषि एवं ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी सौंपी है जिसका निर्वहन करने में कोई कसर नहीं रहने दी जाएगी। कृषि को उद्यानिकी और पशुपालन से जोडक़र और अधिक आगे बढ़ाया जाएगा। प्रदेश में कृषि- उद्योग के क्षेत्र में नया चमत्कार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि बेतवा नदी का पानी पाराशरी नदी में डालने का प्रयास किया जाए। यहां की मिट्टी सोना उगलती है लेकिन यहां पत्थरों सहित विभिन्न प्रकार की खदानें मौजूद है। बासौदा को उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ाया जा सकता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गौरवशाली, वैभवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण हो रहा है। किसानों की तरक्की के लिए विभिन्न प्रकार के कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की मंशानुसार स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करने और प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान में सभी के सहयोग के लिए आह्वान किया। केन्द्रीय मंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए किये जा रहे प्रयासों की सराहना की।