सात रस्ता सर्किल से सुभाषचंद्र बोस प्रतिमा तक बना 3750 मीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर जामनगर (ईएमएस)| मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को जामनगर में 226.99 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सौराष्ट्र के सबसे लंबे फ्लाईओवर ब्रिज का लोकार्पण किया। सात रास्ता सर्किल से सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा तक के इस फोर लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर ब्रिज की लंबाई 4 एप्रोच सहित 3750 मीटर है। मुख्य ब्रिज फोर लेन 16.50 मीटर का है, जबकि इंदिरा मार्ग तथा द्वारका रोड एप्रोच टु लेन 8.40 मीटर के हैं। इस फ्लाईओवर ब्रिज के कारण जामनगर के नागरिकों को द्वारका, रिलायंस, नायरा, जीएसएफसी की ओर तथा राजकोट रोड की ओर आसान परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे ब्रिज के नीचे स्थित मुख्य चार जंक्शनों सात रस्ता सर्किल, गुरुद्वारा जंक्शन, नर्मदा सर्किल तथा नागनाथ जंक्शन पर होने वाले यातायात जाम एवं दुर्घटना जैसी समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी, परिणामस्वरूप ईंधन व समय की बचत होगी। इतना ही नहीं; सुभाष ब्रिज से सात रास्ता सर्किल होकर लाल बंगला सर्किल तक का नया रूट मिलने से नागनाथ जंक्शन, तीन दरवाजा (ग्रेन मार्केट), बेडी गेट जैसे क्षेत्रों में यातायात समस्या का निवारण होगा। इस विकास कार्य के साथ ही ब्रिज के नीचे स्थित अंडरस्पेस को भी नागरिक सुविधा के लिए विकसित किया गया है; जिसमें कुल 61 स्पेस में 1200 से अधिक वाहनों की पार्किंग व्यवस्था (850 टू-व्हीलर्स, 250 फोर-व्हीलर्स, 100 रिक्शा, 100 अन्य तथा 26 बस पार्किंग) शामिल है। इसके अलावा; कुल 4 स्पेस में पे एण्ड यूज टॉयलेट, 1 लोकेशन पर श्रमिक सुविधा केन्द्र (लेबर चौक), 10 स्पेस में स्पोर्ट्स एक्टिविटी, 4 लोकेशन पर वेटिंग/सिटिंग की व्यवस्था और 4 लोकेशन पर फूड जोन की सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित हुआ यह फ्लाईओवर ब्रिज जामनगर के नागरिकों के जीवन में सरलता व सुगमता लाकर शहर के विकास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया, शिक्षा राज्य मंत्री रीवाबा जाडेजा, सांसद पूनमबेन माडम, महापौर विनोद खीमसूर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष मयबेन गरसर, महानगर पालिका की प्रभारी मंत्री पल्लवीबेन ठक्कर, विधायक मेघजी चावडा, दिव्येश अकबरी, उप महापौर कृष्णाबेन सोढा, स्थायी समिति के अध्यक्ष नीलेश कगथरा, जिला कलेक्टर केतन ठक्कर, महानगर पालिका आयुक्त डी. एन. मोदी, जिला विकास अधिकारी अंकित पन्नू, जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. रवि मोहन सैनी, मनपा में शासक पक्ष के नेता आशिष जोशी, सचेतक केतन नाखवा, अग्रणी बीनाबेन कोठारी, प्रकाश बांभणिया, मेरामण भाटू, विजयसिंह जेठवा आदि उपस्थित रहे। सतीश/24 नवंबर