राष्ट्रीय
24-Nov-2025
...


दक्षिण भारत और अंडमान-निकोबार में भारी बारिश की चेतावनी नई दिल्ली,(ईएमएस)। मौसम फिर बदलता दिख रहा है। भारत मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव क्षेत्र बना है। अब पश्चिम-उत्तर दिशा में बढ़ते हुए सोमवार को बंगाल की खाड़ी पर डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। अगले 36 घंटों में यह और तेज होकर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। इसके प्रभाव से अगले कुछ दिन दक्षिण भारत और अंडमान-निकोबार में भारी से तेज भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 24 से 28 नवंबर तक अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश होगी। तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश और यनम में 24 नवंबर को भारी बारिश होगी। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तर भारत में ठंड बढ़ने लगी है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 6 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। हरियाणा के हिसार में मैदानी इलाकों का सबसे कम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले चार दिनों तक पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आएगी। महाराष्ट्र को छोड़कर पश्चिम भारत में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। पश्चिम यूपी के उत्तरी हिस्सों में रात और सुबह के वक्त घना कोहरा छा सकता है। दिल्ली में रविवार को वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में रही और एक्यूआई 391 रहा। दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता बुलेटिन के मुताबिक सोमवार से बुधवार तक दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी रह सकती है। भारत मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 डिग्री कम 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम साढ़े 5 बजे आर्द्रता का स्तर 68 फीसदी रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 25 और 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई है। पछुआ व उत्तरी-पश्चिमी दिशाओं से ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। आगामी दो-तीन दिनों के दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की और कमी होने की संभावना है, जिससे प्रदेश में ठंड का प्रभाव बढ़ेगा। सुबह के समय राज्य के पश्चिमी हिस्से में कहीं-कहीं घना कोहरा रहेगा। प्रदेश के अन्य हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरा छह सकता है। दिन चढ़ने पर कोहरा छंटने के बावजूद कई स्थानों पर हल्की धुंध बनी रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है। सोमवार सुबह प्रदेश के कई जनपदों में कोहरे की तीव्रता के अलग-अलग स्तर दर्ज किए गए। आगरा, गोरखपुर और अमेठी में मध्यम कोहरा, जबकि अयोध्या, कुशीनगर, वाराणसी, आजमगढ़, अलीगढ़ और प्रयागराज में हल्का कोहरा देखने को मिला। सिराज/ईएमएस 24नवंबर25