राष्ट्रीय
28-Nov-2025


गया,(ईएमएस)। बिहार के गया जिले में पुलिस ने 10 सालों से फरार चल रहे कुख्यात नक्सली दारा यादव उर्फ ददन यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस लंबे समय से उसे तलाश कर रही थी, लेकिन वह पिछले 10 सालों से पुलिस को चकमा दे रहा था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब उससे पूछताछ की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गया और औरंगाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 10 साल से फरार कुख्यात नक्सली दारा यादव को गिरफ्तार किया है। दारा की गिरफ्तारी डुमरिया थाना क्षेत्र से की गई, जहां वह गुप्त रूप से रह रहा था। पुलिस के मुताबिक दारा पर कई गंभीर मामलों में संलिप्त होने के आरोप हैं। यह गिरफ्तारी सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। एसएसपी ने मामले में कहा कि गिरफ्तार दारा यादव लंबे समय से नक्सल संगठन से जुड़ा हुआ था। उस पर कई संगीन मामलों में संलिप्त रहने के आरोप हैं। इनमें डुमरिया थाना कांड प्रमुख है, जिसमें उस पर अपने साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति का अपहरण कर गोली मारकर हत्या करने और शव को जंगल में फेंकने का आरोप है। एसएसपी ने आगे बताया कि नक्सली से पूछताछ जारी है। बता दें अपहरण और हत्याकांड मामले में पुलिस पहले ही आठ नक्सलियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। दारा यादव की गिरफ्तारी से इस मामले की जांच में अहम प्रगति होने और नक्सली नेटवर्क का पता लग सकता है। पुलिस का कहना है कि गया और औरंगाबाद पुलिस की टीमें पिछले कई दिनों से दारा यादव की लोकेशन ट्रेस कर रही थीं। तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया गया, जिसके बाद उसे दबोच लिया। सिराज/ईएमएस 28नवंबर25