नवी मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाओं में बढ़ोत्तरी देखी जा रही है। दूसरी तरफ, राज्य में महिलाओं के लापता होने की संख्या भी बढ़ गई है। दरअसल चौंकाने वाले आंकड़े सामने आ रहे हैं कि मुंबई और पूरे राज्य से महिलाएं और लड़कियां लापता हो रही हैं। इसी तरह, अब नवी मुंबई से चार लड़कियों के लापता होने की घटना से हड़कंप मचा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नवी मुंबई के रबाले, एपीएमसी और कोपरखैरणे पुलिस स्टेशनों की सीमा से कुल चार लड़कियां लापता हो गईं। जब संबंधित लड़कियां अपने घरों से निकलने के बाद वापस नहीं आईं, तो उनके परिवार वाले पुलिस स्टेशनों में शिकायतें दर्ज करवाई। मिली शिकायत के आधार पर, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 363 के तहत अपहरण का मामला दर्ज किया है। नवी मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और उन लड़कियों की तलाश शुरू कर दी है। इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, दोस्तों और परिवार वालों से पूछताछ के साथ-साथ संभावित संदिग्धों के बारे में जानकारी इकट्ठी की जा रही है। संजय/संतोष झा- २८ नवंबर/२०२५/ईएमएस