क्षेत्रीय
28-Nov-2025


धनबाद(ईएमएस)। धनबाद प्रधान डाकघर की ओर से शुक्रवार को शहर में एक भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य आम नागरिकों को डाक विभाग की आधुनिक सेवाओं, विभिन्न बचत योजनाओं और डिजिटल सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देना था। रैली में प्रधान डाकघर के सभी अधिकारी और कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। सभी हाथों में आकर्षक प्लेकार्ड और बैनर लिए हुए थे, जिन पर विभिन्न योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दर्शाई गई थी। रैली जैसे ही मुख्य मार्गों पर आगे बढ़ी लोगों ने इसे उत्सुकता से देखा और जानकारी लेने के लिए रुचि दिखाई।रैली के दौरान डाक विभाग की कई प्रमुख योजनाओं और सेवाओं का प्रचार-प्रसार भी किया गया। जिनमें सुकन्या समृद्धि योजना, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की सुविधाएं, स्पीड पोस्ट, पार्सल सेवा, आधार अपडेट सुविधा सहित कई आधुनिक डिजिटल सेवाएं शामिल थीं। कर्मचारियों द्वारा नागरिकों को योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया गया।कार्यक्रम के दौरान वरीय डाक अधीक्षक उत्तम कुमार ने कहा कि डाक विभाग तेज़ी से आधुनिक हो रहा है और अपनी सेवाओं का विस्तार लगातार कर रहा है।उन्होंने बताया कि जानकारी के अभाव में कई लोग योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं, इसलिए विभाग समय-समय पर इस तरह की जागरूकता रैलियों का आयोजन करता है ताकि घर-घर तक सही जानकारी पहुँच सके।उन्होंने यह भी कहा कि डाकघर अब केवल पारंपरिक पत्र सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि डिजिटल बैंकिंग, बीमा, बचत योजनाएं तथा सरकारी सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। आने वाले समय में विभाग और भी हाईटेक सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।रैली के सफल संचालन में कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण रही। शहरवासियों ने भी रैली का स्वागत किया और डाक विभाग की योजनाओं के प्रति सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने यह संकल्प लिया कि वे विभाग की सेवाओं और योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाकर जागरूकता बढ़ाने का कार्य निरंतर जारी रखेंगे। कर्मवीर सिंह/28नवंबर/25