सोम्मारॉय (ईएमएस)। दुनिया में शायद ही कोई ऐसी जगह हो, जहाँ लोग बिल्कुल समय की सीमा से मुक्त होकर जीवन बिताते हों। लेकिन नॉर्वे के आर्कटिक सर्कल के उत्तर में स्थित छोटा सा द्वीप सोम्मारॉय वास्तव में ऐसा ही एक आश्चर्यजनक स्थान है। यहां समय मानो अपनी प्रासंगिकता खो देता है, और लोग घड़ी की बजाय प्रकृति के संकेतों के आधार पर अपनी दिनचर्या तय करते हैं। यही वजह है कि यह द्वीप अब दुनिया भर में जिज्ञासा का विषय बन गया है। करीब 300 लोगों की आबादी वाला यह शांत और खूबसूरत द्वीप मुख्य रूप से मछली पकड़ने पर निर्भर है। लेकिन इसे विशिष्ट बनाता है इसका असामान्य दिन-रात चक्र, जो दुनिया के अन्य हिस्सों से बिल्कुल अलग है। यहां हर साल 20 मई से 18 जुलाई तक सूरज बिल्कुल भी नहीं डूबता। लगभग 69 दिनों तक मिडनाइट सन हमेशा क्षितिज के ऊपर चमकता रहता है, जिससे द्वीप लगातार दिन की रोशनी में डूबा रहता है। इस निरंतर रोशनी का असर यहां की जीवनशैली पर गहरी छाप छोड़ता है। सोम्मारॉय में लोगों के लिए रात और दिन का कोई निश्चित अर्थ नहीं। यहां आप रात के 2 बजे फुटबॉल मैच होते देख सकते हैं, और लोग किसी भी समय उठकर मछली पकड़ने के लिए निकल जाते हैं। यहां दुकानों के खुलने या बंद होने का भी कोई तय समय नहीं होता। दुकानदार अपनी सुविधा के अनुसार दुकान खोलते और बंद करते हैं। द्वीप के निवासियों का कहना है कि वे खाना खाने या सोने के लिए किसी तय समय का इंतजार नहीं करते। जब उन्हें भूख लगती है, वे खाना खा लेते हैं; जब उन्हें आराम चाहिए, वे सो जाते हैं। उनके मुताबिक, यहां समय सिर्फ पर्यटकों के लिए मायने रखता है, जो इस अनोखे अनुभव को देखने आते हैं। स्थानीयों का कहना है कि लगातार दिन के उजाले में रहना शुरू में बाहरी लोगों को अजीब लग सकता है, लेकिन उन्हें इसके साथ तालमेल बिठाना ही पड़ता है। यहां की जीवनशैली इतनी स्वाभाविक और स्वतंत्र है कि समय की पाबंदियों से जूझने वाले लोग इसे एक मानसिक आजादी की तरह महसूस करते हैं। सोम्मारॉय को अक्सर ‘टाइम-फ्री आइलैंड’ के रूप में भी जाना जाता है। यहां घड़ी की सुइयां आपको बांधती नहीं हैं, बल्कि प्रकृति आपको अपनी गति से जीना सिखाती है। यही वजह है कि आधुनिक दुनिया के तनावपूर्ण जीवन से दूर यह छोटा सा द्वीप आज उन लोगों के लिए एक प्रेरणादायी उदाहरण बन गया है, जो समय की दौड़ से थक चुके हैं और जिंदगी को एक नए नजरिये से देखना चाहते हैं। सुदामा/ईएमएस 01 दिसंबर 2025