:: गीता भगवान से मित्रता का पाठ पढ़ाती है : स्वामी श्री रामदयाल महाराज इंदौर, (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आज प्रदेशभर के साथ इंदौर में भी बॉस्केटबॉल कॉम्पलेक्स में गीता जयंती महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गीता एकादशी पर आयोजित इस भव्य महोत्सव में विभिन्न शासकीय/अशासकीय स्कूलों के 4500 से अधिक गीतानुरागियों और स्कूली बच्चों ने एक साथ सामूहिक गीता स्वाध्याय और प्रेरणागीत का गायन किया। कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती शांतास्वामी भार्गव, अंतर्राष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के जगद्गुरु स्वामी रामदयाल महाराज और अन्य संतगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। :: गीता अनंत समस्याओं का समाधान :: कार्यक्रम का प्रारंभ पुरुषोत्तम योग श्रीमद्भगवद् गीता पुस्तक के लोकार्पण के साथ हुआ। अपने संबोधन में स्वामी रामदयाल महाराज ने कहा कि गीता गुरु और शिष्य का संवाद है और यह अनंत समस्याओं का समाधान है। उन्होंने कहा, गीता हमें भगवान से मित्रता का पाठ पढ़ाती है और अज्ञान एवं पाप से मुक्ति दिलाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने का आह्वान किया। :: गीता मानव जीवन की सबसे बड़ी औषधि :: बाबा साहब डॉ. प्रदीप तराणेकर ने कहा कि गीता ब्रह्मविद्या, योग विद्या और वेद विद्या का समुच्चय है, जो हमें निराशा से आशा की ओर ले जाती है। उन्होंने गीता को मानव जीवन की सबसे बड़ी औषधि बताया। स्वामी सुश्री परमानंदा ने गीता को विश्व वंदनीय बताते हुए इसकी शरण में जाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सुनयना शर्मा ने किया और समापन गीता जी की आरती के साथ हुआ। प्रकाश/01 दिसम्बर 2025