राज्य
01-Dec-2025
...


:: बहुमंजिला इमारतों और वितरण ट्रांसफार्मर पर मीटरिंग का विस्तार से किया अवलोकन :: इंदौर, (ईएमएस)। जर्मनी के केएफडब्ल्यू बैंक (KFW Bank) के सदस्य, सुश्री जोर्डिंस फ्लोदर और राहुल ठाकुर, सोमवार से बुधवार तक मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (एमपीईबी वेस्टर्न जोन) इंदौर क्षेत्र में ऊर्जा क्षेत्र के कार्यों का गहन अवलोकन करने के लिए आए हैं। जर्मनी की सुश्री जोर्डिस फ्लोदर के नेतृत्व में इंदौर पहुंचे इस दल का स्वागत पोलोग्राउंड बिजली कंपनी मुख्यालय में मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया। :: स्मार्ट मीटरिंग का जमीनी निरीक्षण :: जर्मनी के दल ने सोमवार दोपहर स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य देखने के लिए इंदौर शहर के विभिन्न स्थानों का विस्तृत भ्रमण किया। उन्होंने मनोरमागंज क्षेत्र में बहुमंजिला इमारतों में एक साथ दर्जनों उपभोक्ताओं के लिए विशेष पैनल्स पर लगे स्मार्ट मीटरों के फायदों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और उपभोक्ताओं से भी चर्चा की। इसके अतिरिक्त, दल ने सुखलिया क्षेत्र के पिंक सिटी में वितरण ट्रांसफार्मर पर स्मार्ट मीटर स्थापना कार्य एवं इससे होने वाले सकारात्मक बदलावों की जानकारी ली। शाम को, उन्होंने स्मार्ट मीटर कंट्रोल सेंटर का अवलोकन कर इसकी गतिविधियों को समझा। इस दौरान मुख्य अभियंता एस.एल. करवाड़िया, सुषमा गंगराड़े, अतिरिक्त मुख्य अभियंता एससी वर्मा, अधीक्षण अभियंता कीर्ति सिंह आदि वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। जर्मनी से आया यह दल इंदौर शहर की अन्य साइटों का निरीक्षण करने के साथ ही मंगलवार और बुधवार को धार और उज्जैन का दौरा भी करेगा। प्रकाश/01 दिसम्बर 2025