-पॉडकास्ट में टेस्ला मालिक ने खोला राज- पार्टनर शिवॉन भारतीय मूल से जुड़ी हैं वाशिंगटन,(ईएमएस)। जेरोधा के को-फाउंडर निखिल कामथ के पॉडकास्ट में एलन मस्क ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर खुलासा किया जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। मस्क ने बताया कि उनकी पार्टनर शिवॉन जिलिस भारतीय मूल से जुड़ी हैं और उनके एक बेटे का मिडिल नेम ‘शेखर’ रखा है, जो नोबेल पुरस्कार विजेता भारतीय-अमेरिकी वैज्ञानिक सुब्रह्मण्यम चंद्रशेखर को सम्मान देने के लिए चुना गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पॉडकास्ट में एलन मस्क ने सहज अंदाज में कहा कि बहुत कम लोग यह जानते होंगे कि शिवॉन जिलिस आधी भारतीय हैं। उन्होंने बताया कि उनके एक बेटे का पूरा नाम चंद्रशेखर के सम्मान में रखा गया है। कामथ ने तुरंत हैरानी जताई कि उन्हें शिवॉन की भारतीय जड़ों के बारे में पता ही नहीं था। मस्क ने बताया कि शिवॉन को बचपन में ही गोद ले लिया गया था। उनके पिता संभवतः किसी विश्वविद्यालय में पढ़ने आए विदेशी छात्र थे। शिवॉन कनाडा में पली-बढ़ीं और आगे चलकर येल यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र और दर्शनशास्त्र में पढ़ाई की। आज वह मस्क की ब्रेन-टेक कंपनी न्यूरालिंक में ऑपरेशन्स और स्पेशल प्रोजेक्ट्स की निदेशक हैं। इससे पहले वह ओपनएआई और टेस्ला दोनों के साथ अहम भूमिकाओं में काम कर चुकी हैं। एलन मस्क और शिवॉन के चार बच्चे हैं। जुड़वां स्ट्राइडर और अजूर, बेटी आर्केडिया और बेटा सेल्डन लिकरगस। मस्क ने कहा कि परिवार और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाना चुनौती जरूर है, लेकिन दोनों साथ मिलकर इसे संभालते हैं। यह नाम भारतीय-अमेरिकी साइंटिस्ट सुब्रह्मण्यम चंद्रशेखर के सम्मान में चुना गया। वही चंद्रशेखर जिन्हें तारों की संरचना पर ऐतिहासिक रिसर्च के लिए 1983 का नोबेल पुरस्कार मिला था। मस्क विज्ञान और वैज्ञानिकों को लेकर गहरा सम्मान रखते हैं और चंद्रशेखर का प्रभाव उनकी सोच पर साफ दिखता है। मस्क ने कहा कि अमेरिका ने दशकों तक भारतीय प्रतिभा से असाधारण लाभ उठाया है। हालांकि वर्तमान वीजा नीतियों और इमिग्रेशन अनिश्चितताओं के कारण यह प्रवाह कमजोर पड़ता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय मूल की प्रतिभा ने तकनीक और विज्ञान दोनों क्षेत्रों में अमेरिका को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई। सिराज/ईएमएस 02 दिसंबर 2025