राज्य
03-Dec-2025
...


इंदौर (ईएमएस)। शहर के प्रमुख आस्था केंद्र अन्नपूर्णा मंदिर पर मार्गशीर्ष शुक्ल पूर्णिमा (गुरुवार, 4 दिसम्बर) को सुबह 5 से 7.30 बजे तक माँ अन्नपूर्णा का प्राकट्य महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि के सान्निध्य में सुबह अभिषेक एवं सहस्त्रार्चन होगा, जिसके पश्चात अभिमंत्रित बरकती सिक्कों का वितरण भी किया जाएगा। मंदिर के संचालक स्वामी जयेंद्रानंद गिरि, न्यासी मंडल के विनोद अग्रवाल, टीकमचंद गर्ग, पवन सिंघानिया मोयरा, श्याम सिंघल, सत्यनारायण शर्मा एवं सुनील गुप्ता ने बताया कि पूर्णिमा के दिन माँ पार्वती के अन्नपूर्णा स्वरूप के अवतरण को प्राकट्य उत्सव के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इसी दिन माँ पार्वती ने अन्नपूर्णा का रूप धारण किया था। इस दिन माँ अन्नपूर्णा की आराधना करने से उनकी कृपा से घर में अन्न की कभी कमी नहीं होती। अन्नपूर्णा आश्रम भक्त मंडल की ओर से गुरुवार को सुबह 5 से 7.30 बजे तक अभिषेक पूजन और उसके बाद अभिमंत्रित बरकती सिक्कों का वितरण किया जाएगा। प्रकाश/03 दिसम्बर 2025 संलग्न चित्र : माँ अन्नपूर्णा मंदिर में विराजित तीनों माताएं।