-प्रशासन ने शव अपने कब्जे में लिया कांकेर(ईएमएस)। जिला मुख्यालय से 10 किमी दूर महानदी के तट पर बसे ग्राम पंचायत कुरना में धर्मांतरित महिला के शव को दफनाने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। विवाद का समाधान नहीं होने पर परिजनों ने शव प्रशासन को सौंप दिया, जिसके बाद प्रशासन ने सरकारी प्रक्रिया के तहत अंतिम संस्कार की कार्रवाई शुरू की। ग्राम पंचायत कुरना निवासी मुरही बाई जुर्री, पत्नी स्व. दयालु राम जुर्री, ने धर्म परिवर्तन कर लिया था। कुछ दिनों से वह अपनी बेटी के घर, गांव डोंगरकट्टा में रह रही थी। दो दिन पहले उनकी अचानक तबियत बिगड़ी और मौत हो गई। महिला के परिजन क्रिश्चियन रीति-रिवाज के अनुसार गांव में अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, लेकिन गांव के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और उसे गांव में दफनाने से मना कर दिया। बेटी ने रातों-रात शव को अपने गृह ग्राम कुरना पहुंचाया और अपने भाई के हवाले कर दिया। हालांकि, कुरना में भी ग्रामीणों ने शव को दफनाने से रोका। विवाद की जानकारी मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाइश दी। इसके बाद प्रशासन ने शव अपने कब्जे में लेकर सरकारी प्रक्रिया के तहत अंतिम संस्कार की कार्रवाई शुरू की।