भोपाल,(ईएमएस)। मप्र विधानसभा के शीतकालीन सत्र में आज तीसरे दिन उत्तर भोपाल के विधायक आतिफ आरिफ अकील की जमकर तारीफ हुई। आसंदी से अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तो मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी उनकी प्रशंसा करने से नहीं चूके। दअसल, गुरुवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक आतिफ ने गैस राहत के अस्पतालों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस साल 124 करोड़ 70 लाख का बजट गैस पीड़ितों के लिए रखा गया था। इसके बाद भी अस्पतालों की हालत खराब है और वहां न दवाएं मिल रहीं है और नहीं ही ठीक से इलाज हो पा रहा है। हम जो भी जानकारी मांग रहे हैं वो झूठी दी जाती है। ऐसे में क्या मंत्री महोदय झूठी जानकारी देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे क्या। इस पर संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने झूठ शब्द पर आपत्ति उठाते हुए आसंदी से आग्रह किया कि इस झूठ शब्द के जगह असत्य शब्द करा देना चाहिए। इस पर विधायक आतिफ नाराज हो गए और उन्होंने स्पष्ट कहा कि झूठ को झूठ नहीं तो और क्या कहेंगे। तभी विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि आतिफ साहब आप झूठ की जगह असत्य शब्द का उपयोग किए। आसंदी का सम्मान रखते हुए आतिफ ने असत्य शब्द का इस्तेमाल किया। इस बीच सदन में कुछ टीका टिप्पणी होना शुरु हो गई। तभी अध्यक्ष तोमर ने कहा अरे भाई…आरिफ भाई का बेटा है। इसके बाद सदन में मौजूद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि अच्छा लगा उन्होंने अपना शब्द बदला और माननीय संसदीय कार्यमंत्री की भावना को समझा। वीरेंद्र/ईएमएस/04दिसंबर2025