क्षेत्रीय
04-Dec-2025
...


बिलासपुर (ईएमएस)। राज्य सरकार द्वारा जारी नए भू राजस्व प्रस्ताव और बढ़ी हुई गाइडलाइन दरों के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने सोमवार को रजिस्ट्री कार्यालय में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष भानु चंद्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला और लोकसभा अध्यक्ष ईश्वर चंदेल के नेतृत्व में आप कार्यकर्ता देवकीनंदन चौक से नेहरू चौक स्थित रजिस्ट्री कार्यालय तक रैली के रूप में पहुंचे। हाथों में गाइडलाइन दर कम करो और छोटे किसानों के साथ अन्याय बंद करो जैसी तख्तियाँ लिए कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। भानु चंद्रा ने आरोप लगाया कि साय सरकार द्वारा 5 डिसमिल (लगभग 2200 वर्गफीट) से कम कृषि भूमि की रजिस्ट्री रोकने के बाद अब गाइडलाइन दरों में 500 से 1000 प्रतिशत तक की वृद्धि कर आम जनता के हितों पर सीधा प्रहार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय छोटे किसानों, मध्यवर्ग और जमीन कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ है तथा इससे साबित होता है कि सरकार पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला ने कहा कि नई गाइडलाइन दरें बड़े भूमि कारोबारियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बनाई गई हैं। 10 से 100 प्रतिशत तक की गई वृद्धि तानाशाही फैसला है, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घर बनाने का सपना टूट जाएगा। किसान न तो जमीन खरीद पाएंगे और न ही बेच पाएंगे। लोकसभा अध्यक्ष ईश्वर चंदेल ने कहा कि जब तक बढ़ी हुई दरें वापस नहीं ली जातीं, आम आदमी पार्टी सडक़ों पर संघर्ष जारी रखेगी। विरोध प्रदर्शन में अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 04 दिसंबर 2025