मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में एक लोमहर्षक घटना सामने आई है। एक शख्स ने अपनी 14 साल की बेटी को जान से मारने की कोशिश की। उसने सो रही बच्ची के गले पर ब्लेड घुमा दिया। बच्ची की चीख सुनकर उसे बचाने आई उसकी मां पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में बच्ची और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम हनुमंत सोनावणे (36) है। आरोपी अपने परिवार के साथ मुंबई में रहता है। आरोपी ने शराब पीकर घर आकर सबसे पहले बच्ची पर हमला किया। उसने गहरी नींद में सो रही बच्ची के गले में ब्लेड घुमा दिया। बच्ची जोर-जोर से चीखने लगी। उसके रोने की आवाज सुनकर उसकी मां उसे बचाने आई। इसी दौरान आरोपी ने अपनी पत्नी पर भी हमला कर दिया। इस हमले में पीड़िता के गले में टांके लगे, जबकि उसकी मां भी घायल हो गईं। दोनों का कांदिवली के शताब्दी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया गया है कि आरोपी बेरोज़गार है और शराब का आदी है। उसे शक था कि उसकी पत्नी का किसी और से अवैध संबंध चल रहा है। इस वजह से वह पत्नी और बेटी को लगातार पीटता रहता था। दोनों के बीच लगातार झगड़े होते रहते थे। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी और उसकी पत्नी के बीच तलाक की प्रक्रिया चल रही है। इसी बात से वह परेशान था। संजय/संतोष झा- ०४ दिसंबर/२०२५/ईएमएस