अंतर्राष्ट्रीय
05-Dec-2025
...


टोक्यो (ईएमएस)। हाल ही में एक चीनी पर्यटक की हरकत ने जापान में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। यह घटना टोक्यो के प्रसिद्ध सेंसोजी मंदिर में घटी, जहां हजारों लोग प्रतिदिन दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर में स्थापित दानपात्र में श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार पैसा डालते हैं! इसके बाद भाग्य बताने वाली ‘ओमिकुजी’ छड़ी निकालते हैं, जिसे जापानी संस्कृति में शुभ-अशुभ का प्रतीक माना जाता है। मंदिर के अंदर मौजूद एक चीनी युवक ने जब दानपात्र में पैसे डालने की बजाय ‘हेल मनी’ डाल दी, तो आसपास मौजूद लोगों ने इसे जापानी परंपरा का अपमान माना। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी। वीडियो में युवक का साथी उसे यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह “धोखा दे रहा है”, जबकि वह हंसते हुए इस हरकत को मजाक बताता रहता है। इसके बाद युवक ओमिकुजी की छड़ी चुनता है और कागज निकालने से पहले कहता है कि “जापानी शुभ-अशुभ बताने वाली छड़ियाँ चीनी लोगों को आशीर्वाद नहीं देतीं। आशीर्वाद के लिए चीनियों का अपना तरीका होता है।” उसके इस बयान ने विवाद को और बढ़ा दिया। रिपोर्टों के अनुसार, आमतौर पर श्रद्धालु मंदिर के दानपात्र में 100 येन डालते हैं, लेकिन ‘हेल मनी’ वास्तविक मुद्रा नहीं होती। चीनी परंपरा के अनुसार, यह मृतकों की आत्मा को परलोक में बेहतर जीवन देने के लिए जलाए जाने वाली प्रतीकात्मक राशि होती है। इसे अशुभ माना जाता है और इसे घर या यात्रा में रखना अपशकुन माना जाता है। इसलिए जापानी लोगों ने इसे धार्मिक स्थल के प्रति अनादर की संज्ञा दी। वीडियो में मौजूद युवक का दोस्त भी टोकते हुए कहता है कि वह “शैतानों को धोखा दे रहा है।” गौरतलब है कि चीन में ‘शैतान’ शब्द का इस्तेमाल कई बार जापानी सैनिकों के लिए किया जाता है, जिन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान चीन में अत्याचार किए थे। इस ऐतिहासिक पृष्ठभूमि के कारण दोनों देशों के बीच भावनात्मक तनाव अक्सर सतह पर आ जाता है। इस घटना ने जापानी सोशल मीडिया में तीखी प्रतिक्रियाएँ उत्पन्न कर दी हैं। कई यूजर्स ने इसे जानबूझकर किया गया अपमान बताया, जबकि कुछ का कहना है कि यह धार्मिक स्थल की पवित्रता के खिलाफ एक असंवेदनशील व्यवहार है। मालूम हो कि चीन और जापान के रिश्तों के बीच दशकों से चले आ रहे तनाव और ऐतिहासिक कटुता आज भी दोनों देशों के लोगों के व्यवहार में दिखाई देती है। सुदामा/ईएमएस 05 दिसंबर 2025