उत्तर भारत से बह रही ठंडी हवाओं का है असर भोपाल (ईएमएस)। मध्यप्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की सर्दी का असर साफ नजर आने लगा है। उत्तर भारत से बह रही ठंडी हवाओं के चलते प्रदेश के कई जिलों ठिठुरन बढ गई है। इसका सर्वाधिक प्रभाव ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग में देखने को मिल रहा है, जहां रात के तापमान में तेज गिरावट के साथ सुबह-शाम कोहरा भी छाया हुआ है। गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर सहित प्रदेश के 19 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। प्रदेशभर में रात के तापमान में औसतन 2 से 3 डिग्री तक की कमी आई है। मौसम विभाग के मुताबिक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले हिस्सों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बर्फबारी और वर्षा की संभावना है। इन क्षेत्रों से आ रही बर्फीली हवाएं मध्यप्रदेश तक पहुंच रही हैं, जिससे 7 और 8 दिसंबर को ठंड और तेज होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस बार ठंड का दौर लंबा और अधिक प्रभावी रहेगा। भोपाल में नवंबर महीने की ठंड ने 84 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया, जबकि इंदौर में 25 वर्षों में सबसे ज्यादा ठंड दर्ज की गई। इसी तरह दिसंबर में भी ठंड नए रिकॉर्ड बना सकती है। बीती रात रीवा प्रदेश में सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी कम रहा। भोपाल में पारा 8.2 डिग्री, ग्वालियर में 7.5 डिग्री, जबलपुर में 9.9 डिग्री, इंदौर में 11 डिग्री और उज्जैन में 11.7 डिग्री दर्ज हुआ। राजगढ़-कल्याणपुर में 6 डिग्री, पचमढ़ी 6.7, चित्रकूट 6.8, शिवपुरी 7, उमरिया 7.1, नौगांव 8.2, सतना 8.6, दमोह और खजुराहो में 9 डिग्री, गुना 9.5, सीधी 9.6, मलाजखंड 9.7 और धार में 9.9 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। सर्द हवाओं का असर दिन में भी देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को पचमढ़ी और नरसिंहपुर में अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री दर्ज किया गया। बैतूल 23.7, शिवपुरी 24, धार-सिवनी 24.4, नौगांव 24.5, श्योपुर 24.6, रीवा 24.8 और टीकमगढ़ में तापमान 25 डिग्री के आसपास रहा। पांच प्रमुख शहरों में भोपाल का अधिकतम तापमान 25 डिग्री, इंदौर 24.8, ग्वालियर 25.6, जबलपुर 25.3 और उज्जैन में 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुदामा नरवरे/5 दिसंबर 2025