नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारत की यात्रा पूरी करके स्वदेश के लिए रवाना होते-होते राष्ट्रपति पुतिन पाकिस्तान को भी अप्रत्यक्ष रूप से सुना गए हैं। पुतिन ने कहा कि अफगानिस्तान की तालिबानी सरकार आतंक के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है। इसके अलावा अफीम को खत्म करने के लिए वह बड़ा काम कर रही है। इसीलिए रूस ने तालिबान सरकार को मान्यता दी है। बता दें कि पाकिस्तान अफगानिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने के आरोप लगाता है। बीते कुछ महीनों से दोनों देशों का तनाव चरम पर पहुंच गया है। रिपोर्ट के मुताबिक पुतिन ने कहा कि सारे ही देशों में कुछ ना कुछ समस्याएं हैं। अफगानिस्तान भी किसी से अलग नहीं है। दशकों तक यह देश गृह युद्ध से जूझता रहा है। लेकिन तालिबान ने अफगानिस्तान को संभाल लिया है। आपको यह स्वीकार करना होगा क्योंकि सच यही है। अफगानी सरकार ने आतंकवाद से लड़ने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। बता दें कि रूस ऐसा पहला देश है जिसने अफगानिस्तान की तालिबानी सरकार को मान्यता दी है। पुतिन ने कहा, अफगानिस्तान की सरकार ने अफीम के उत्पादन पर भी रोक लगाई है। वे ड्रग्स की चुनौती का जमकर सामना कर रहे हैं। इसके अलावा भी कई ऐसे बिंदु हैं जिनपर तालिबान की सरकार बहुत अच्छा काम कर रही है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय भारत यात्रा के बाद स्वदेश रवाना हो गए हैं। उनकी इस यात्रा के दौरान दोनों देशों में कई अहम समझौते हुए। इसके अलावा दोनों ही देशों ने मिलकर आतंकवाद, आर्थिक चुनौतियों और विरासत को संभालने की प्रतिबद्धता जताई। पुतिन ने भारत में रूस के सरकारी टेलीविजन नेटवर्क आरटी इंडिया का शुभारंभ करते उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, भारत की अर्थव्यवस्था बदल गई है। एक साझेदार के रूप में भारत की क्षमताएं बदल गई हैं।रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि आरटी सूचना का ऐसा स्रोत है, जो पूरी तरह से स्वच्छ है और जिसका लक्ष्य अपने दर्शकों की जरूरतों को पूरा करना है। वीरेंद्र/ईएमएस/06दिसंबर2025 ------------------------------------