इस सीजन की सबसे सर्द रही बीती रात जबलपुर, (ईएमएस)। उत्तर भारत से आ रहीं शीतल बयारों से जाड़ा जोर मार रहा है। पारा प्रतिदिन नीचे खिसक रहा है। इस सीजन का सबसे ठंडा दिन और सबसे ठंडी रात शनिवार को दर्ज की गई, जब पारा 7 डिग्री पर आ गया| कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित हो गया| दिन भर शीतल हवाएं चलती रही| शाम ढलते ही ठण्ड ने जोर मारना शुरू कर दिया। ठण्ड तेज होने से रात को बाजार जल्दी बंद होने लगे हैं, सड़कें वीरान हो जातीं हैं। पिछले तीन दिनों से ठण्ड लगातार बढ़ती जा रही है। मौसम के तेवरों ने पहली बार यह आभास कराया है कि ठण्ड आ गई। पिछले ३ दिनों से पारा लगातार गिर रहा है। बीती रात इस सीजन की सबसे सर्द रात रही पारा 7 डिग्री तक गिर गया। मौसम विभाग का करना है कि ठण्ड के तेवर अगले कुछ दिनों में और तीखे होंगे। मौसम कार्यालय के मुताबिक उत्तर भारत से आ रही शीतल हवाओं ने कड़के की ठण्ड का एहसास कराया और तापमान को नीचे धकेला। पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री कम दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री रहा जो सामान्य से 3 डिग्री कम था। हवा में नमीं प्रात:काल 81 प्रतिशत और सायंकाल 56 प्रतिशत आंकी गई। सूर्योदय सुबह 6:39 पर और सूर्यास्त सायं 5:25 मिनिट पर हुआ। उत्तर पूर्वी हवाएं 2 से 3 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली। प्रदेश में सबसे कम 4 डिग्री तापमान कल्याणपुर, शहडोल जिले में दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 27.8 और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सुनील साहू / मोनिका / 06 दिसंबर 2025/ 6.00