-हिंदू रीति-रिवाजों के साथ हुई शादी इंदौर,(ईएमएस)। थाईलैंड की युवती और महू के युवक की लव स्टोरी ने शादी के रूप में खूबसूरत अंजाम ले लिया। थाईलैंड की नारूएपक (नैन) हजारों किलोमीटर दूर भारत पहुंचीं और महू में जयंत सोनी से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी के बंधने में बंध गई। बैंड-बाजे की आवाज पर बाराती थिरके, तब विदेशी दुल्हन नैन भी इंडियन ट्यून पर झूम उठीं। जयंत लंबे समय से थाईलैंड में कारोबार कर रहे हैं। वहां एक कंपनी में साथ काम करते हुए नैन से उनकी दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। बाद में जयंत ने खुद का बिजनेस शुरू किया, वहीं नैन उनकी कंपनी में जॉब करने लगी। तभी जयंत उन्हें एक बार बहन की शादी में भारत लेकर आए और परिवार से मिलाया। परिवार को भी नैन बेहद पसंद आई। करीब 10 साल की दोस्ती और रिश्ते की समझदारी के बाद दोनों ने शादी करने का फैसला लिया। दोनों परिवारों की सहमति से कुंडली मिलाई और महू में विवाह सम्पन्न हुआ। शादी में नैन का परिवार भी शामिल हुआ। थाईलैंड और भारत की संस्कृति को जोड़ते इस विवाह ने सभी का ध्यान खींचा। नैन भारतीय लुक में बेहद खूबसूरत नजर आईं। हाथों में मेहंदी, गले में मंगलसूत्र और मांग में सिंदूर...नैन के लिए यह सब नया अनुभव था। उन्होंने इसे बड़े आनंद से अपनाया। उन्होंने भारतीय संस्कृति की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि ऐसा अनुभव उनके लिए बेहद खास है। नैन की मां चुटिमा ने भी बेटी की भारतीय परंपराओं में शादी को देखकर खुशी जताई और इसे सपना सच होने जैसा बताया। नैन ने बताया कि साथ काम करते हुए वे जयंत को कठोर और गुस्सैल समझती थीं, लेकिन समय के साथ जाना कि वे बेहद नम्र हैं। धीरे-धीरे रिश्ता गहरा होता गया। 10 साल बाद दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया। अब जयंत बैंकाक में हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में बिजनेस कर रहे हैं, जहां नैन भी साथ रहेंगी। आशीष दुबे / 06 दिसंबर 2025