नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान और चीन को भारतीय क्षेत्र पर कब्जा करने की अनुमति देना तथा जम्मू कश्मीर को विशेष दर्जा देना जैसी ऐतिहासिक भूल जवाहरलाल नेहरू की विरासत है। भाजपा ने यह आरोप कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के उस बयान पर लगाए जिसमें सोनिया ने कहा था कि मौजूदा सरकार का मुख्य उद्देश्य नेहरू को बदनाम करना है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष के आरोपों को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पलटवार करते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने अपने आरोप में जिस शब्द का प्रयोग किया, वह उनके बेटे राहुल गांधी का ‘‘समानार्थी है। अगर आज भारतीय राजनीति में कोई भस्मासुर है, तो वह राहुल गांधी हैं। उन्होंने महाराष्ट्र में शरद पवार और उद्धव ठाकरे की पार्टियों को बर्बाद कर दिया, और फिर लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की पार्टी के साथ गठबंधन करके उन्हें बर्बाद किया। भाटिया ने कहा कि हाल में बिहार (चुनाव) में तेजस्वी यादव को नष्ट करने के बाद, वह अब उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव को नष्ट करने के लिए जा रहे हैं। आपको बता दें कि सोनिया गांधी ने शुक्रवार को दावा किया था कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को बदनाम करने के ‘प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया जा रहा है तथा वर्तमान सरकार का मुख्य उद्देश्य भी यही है। सुबोध/०६-११-२०२५