सतना पुलिस ने 46 किलो गांजे के साथ पकड़ा; साथी संग जेल भेजा सतना(ईएमएस)। मध्य प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी के भाई अनिल बागरी को सतना पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। अनिल और उसके साथी से 46 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक, अनिल बागरी सोमवार को अपने साथी के साथ कार नंबर एमएच 49 बीबी 9699 से गांजे की खेप ठिकाने लगाने जा रहा था। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। इससे पहले 3 दिसंबर को उत्तर प्रदेश की बांदा पुलिस ने राज्यमंत्री बागरी के बहनोई शैलेंद्र सिंह सोमू को भी इसी आरोप में गिरफ्तार किया था। दो आरोपी फरार, एक गिरफ्तार सतना पुलिस के मुताबिक, अनिल बागरी पिता जय प्रताप बागरी, निवासी भरहुत नगर हरदुआ और पंकज सिंह पिता सतेंद्र सिंह, निवासी मतहा को गांजा तस्करी करते रंगे हाथ पकड़ा गया है। मामले का एक अन्य आरोपी शैलेन्द्र सिंह पिता सुरेंद्र सिंह, निवासी विराट नगर फरार है। शैलेन्द्र, अनिल बागरी का बहनोई है। बता दें कि शैलेन्द्र सिंह बांदा जेल में बंद है। उसे बीते 3 दिसंबर को बांदा पुलिस ने गांजा तस्करी करते पकड़ा था। विनोद उपाध्याय / 08 दिसम्बर, 2025