छिंदवाड़ा (ईएमएस)। अपने बेटे का आधार कार्ड अपडेट कराने नागपुर से आई एक बुजुर्ग महिला सोमवार दोपहर मुुख्य पोस्ट ऑफिस के पास हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल लाया गया यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं बाईक सवार एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार मोती वार्ड नागपुर बिस्तो बाई पति मोहन लाल (७०) अपने बेटे का आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए छिंदवाड़ा के मुख्य पोस्ट ऑफिस आई थी। यहां वह जब आटो से उतर रही थी तभी बाईक सवार युवक ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना के बाद बाईक सवार युवक अपने साथी विपिन पिता दौलतराव ठाकरे को छोड़कर भाग निकला। घटना में विपिन को भी चौटें आई है जिला अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। पुलिस मामला कायम कर मामला जांच में लिया है। इधर पिकअप ने मारी टक्कर, एक मृत, एक घायल पांढुर्णा थाना अंतर्गत उत्तम डेरा मार्ग पर एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाईक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। मामले में मिली जानकारी के अनुसार यहां के लेंडोरी निवासी नरेंद्र कसलीकर और विनोद परतेती बाइक से भाजीपानी गांव बकरी खरीदने जा रहे थे। उत्तमडेरा के पास पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक फरार हो गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि मौके पर ही नरेंद्र कसलीकर की मौत हो गई। वहीं उसका साथी विनोद परतेती गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर मामला जांच में लिया है। ईएमएस/ मोहने/ 08 दिसंबर 2025