-उत्तराखंड में जमे झरने, चमोली-पिथौरागढ़ की पाइपलाइन में जमा पानी नई दिल्ली,(ईएमएस)। पहाड़ी राज्यों की बर्फबारी और हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ बनने से मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। मध्य प्रदेश में पारा 3 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ का असर 13 दिसंबर से दिखना शुरू होगा इससे और तेजी से तापमान गिरेगा। वहीं राजस्थान में भी पारा गिरने लगा है। राज्य के 20 से ज्यादा जिलों में मिनिमम टेम्परेचर 10 डिग्री से नीचे चला गया। फतेहपुर सबसे ठंडा रहा, यहां तापमान 3.7डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जानकारी के मुताबिक पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में झरने जमने लगे हैं। चमोली-पिथौरागढ़ में पाइपलाइन में पानी जम गया। केदारनाथ में तापमान -15, बद्रीनाथ में -13 डिग्री चला गया। इधर हरियाणा में 4 जिलों में तापमान 7 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। 12 जिले ऐसे रहे जहां मिनिमम टेम्परेचर 10डिग्री से कम रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 12 दिसंबर से राज्य में सर्दी बढ़ेगी। मध्य प्रदेश में पूरे दिसंबर कड़ाके की ठंड पड़ेगी। इसकी वजह हिमालयी क्षेत्र में लगातार पश्चिमी विक्षोभ का आना है। नया सिस्टम 13 दिसंबर से बनेगा। इस वजह से बर्फीली हवाएं लगातार चलेंगी। प्रदेश में सबसे ठंडा शहडोल का कल्याणपुर रहा। यहां सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 3डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बिहार में सर्दी बढ़ रही है। पटना में न्यूनतम तापमान 12.6डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 1.1डिग्री कम है। जबकि 8.1 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर सबसे ठंडा जिला रहा। पटना में बढ़ती सर्दी को देखते हुए सभी स्कूलों का समय बदल दिया गया है। झारखंड की बात करें तो मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम केंद्र रांची के मुताबिक 16 दिसंबर तक राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना है। कोहरे के कारण दृश्यता में कमी आ सकती है, जिससे सुबह के समय सड़क और ट्रेन परिचालन प्रभावित हो सकता है। वहीं हरियाणा में हवाओं की दिशा और गति बदलने से ठंड में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। आईएमडी ने राजस्थान से सटे 6 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखीदादरी और नारनौल में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिम होने से एकाएक तापमान में बढ़ोतरी हुई। उत्तराखंड में बर्फबारी के बाद अब पाला गिर रहा है, जिससे नदी, नाले और झरने जम गए हैं। केदारनाथ में तापमान माइनस 15डिग्री और बद्रीनाथ में माइनस 13डिग्री पहुंच गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में आसमान साफ रहने से दिन में हल्की धूप मिलेगी, जबकि रात के समय तापमान में गिरावट का असर बना रह सकता है। सिराज/ईएमएस 11दिसंबर25 -------------------------------