राष्ट्रीय
11-Dec-2025
...


:: इंदौर-रीवा उड़ान 22 दिसम्बर से होगी प्रारंभ; विंध्यांचल सोशल ग्रुप ने जताया आभार :: इंदौर (ईएमएस)। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल गुरुवार की शाम इंदौर पहुँचे और रेसीडेंसी कोठी में विंध्य क्षेत्र के इंदौर में रह रहे नागरिकों से मिले। विंध्यांचल सोशल ग्रुप के सदस्यों ने इंदौर-रीवा हवाई सेवा प्रारंभ करने के लिए पुष्पगुच्छ प्रदान कर उप मुख्यमंत्री शुक्ल का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंत्री शुक्ल ने विंध्यांचल सोशल ग्रुप की वेबसाइट का शुभारंभ भी किया। :: 22 दिसम्बर से मिलेगी सुविधा :: उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि आगामी 22 दिसम्बर से इंदौर-रीवा हवाई सेवा प्रारंभ की जा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस सेवा के प्रारंभ होने से विंध्य क्षेत्र के इंदौर में निवासरत हजारों नागरिकों को बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि विंध्य क्षेत्र के सतना, सीधी, शहडोल, मऊगंज आदि क्षेत्रों के करीब एक लाख लोग व्यापार, व्यवसाय एवं शिक्षा की दृष्टि से इंदौर में निवासरत हैं। हवाई सेवा शुरू होने से उन्हें यह सुविधा मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि इंदौर-रीवा हवाई सेवा शुरू होने के बाद विंध्य के नागरिक इंदौर विमानतल से मुंबई, दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद, बैंगलोर आदि बड़े शहरों के लिए भी जा सकते हैं। डॉ. शुक्ल ने बताया कि पिछले दिनों ही रीवा से दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू की गई है, जिसका बेहतर प्रतिसाद मिल रहा है। :: विकास को मिलेगी तेज गति :: शुक्ल ने कहा कि हवाई सेवा शुरू होने से विंध्य क्षेत्र का विकास अब और तेज गति से होगा। उन्होंने बताया कि वहाँ अभ्यारण्य, बांध और जलप्रपात आदि बन जाने के कारण इस क्षेत्र में विकास ने एक नई करवट ली है। रीवा में अधिकांश रोड फोरलेन और सिक्सलेन हैं। रीवा सड़क, रेल मार्ग और अब हवाई मार्ग से जुड़ने के कारण यहाँ विकास और तेज गति से होगा। :: विंध्यांचल सोशल ग्रुप ने रखी प्रमुख माँगें :: मुलाकात के दौरान, विंध्यांचल सोशल ग्रुप ने उप मुख्यमंत्री से तीन प्रमुख माँगे रखीं: - वर्तमान में इंदौर से रीवा के लिए चल रही ट्रेन को नियमित किया जाए। - इंदौर में विंध्य भवन हेतु भूमि आवंटित की जाए। - सिंगरोली से भोपाल चलने वाली ट्रेन को इंदौर तक बढ़ाया जाए। इस मौके पर ग्रुप के अध्यक्ष आर.पी. शर्मा, सचिव दिलीप मिश्रा सहित बड़ी संख्या में विंध्य क्षेत्र के नागरिक उपस्थित थे। :: इंदौर के स्वास्थ्य सेवाओं की ली जानकारी :: रेसीडेंसी कोठी पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी, स्कूल ऑफ एक्सीलेंस आई अस्पताल के अधीक्षक डॉ. डी.के. शर्मा, चाचा नेहरू चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. अरविंद शुक्ला, और एमवाय के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव से इंदौर की स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रकाश/11 दिसम्बर 2025