क्षेत्रीय
13-Dec-2025


महासमुंद(ईएमएस)। जिले में धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा और सुधार के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने मोंगरापाली और गांजर के धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया, जबकि केवां केंद्र का भी निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान तीनों केंद्रों में गंभीर अव्यवस्था पाई गई। धान की स्टेकिंग सुव्यवस्थित नहीं थी, जिससे खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी। इसके अलावा नए और पुराने बारदानों पर समिति का मार्का और स्टेंसिल निर्धारित मानकों के अनुसार सही तरीके से अंकित नहीं था। मिलर द्वारा उपलब्ध कराए गए बारदानों की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं पाई गई। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित समितियों के प्राधिकृत अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। मोंगरापाली के प्राधिकृत अधिकारी गुलशन बघेल, गांजर के पुनितराम सिन्हा और रिसीकेला के नेपाल साहू को उनके पद से पृथक कर दिया गया। कलेक्टर ने सभी धान खरीदी केंद्रों में शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धान की स्टेकिंग, बारदानों की गुणवत्ता और मार्किंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा और अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 दिसम्बर 2025