अंतर्राष्ट्रीय
14-Dec-2025
...


रीगा (ईएमएस)। पुरुषों की भारी कमी के कारण यूरोपीय देश लातविया में महिलाओं के बीच ‘घंटों के हिसाब से पति किराए पर लेने’ की सेवा तेजी से बढ़ रही है। ये अस्थायी साथी अकेलेपन के दौर से गुजर रही महिलाओं को बातचीत व भावनात्मक सहारा भी प्रदान करते हैं। यह सेवा महिला ग्राहकों को ऐसे पुरुष उपलब्ध कराती है, जो घर के छोटे-मोटे कामों से लेकर मरम्मत, प्लंबिंग, बढ़ईगिरी और अन्य घरेलू जिम्मेदारियां पूरी करने में मदद करते हैं। रिपोर्टों के अनुसार, लातविया में लैंगिक असंतुलन बेहद गंभीर स्तर पर पहुंच चुका है। देश में पुरुषों की संख्या महिलाओं की तुलना में लगभग 15.5 प्रतिशत कम है, जो यूरोपीय संघ के औसत से तीन गुना अधिक है। वर्ल्ड एटलस की रिपोर्ट बताती है कि लातविया में पुरुषों की औसत आयु महिलाओं की तुलना में काफी कम है। 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में महिलाओं की संख्या पुरुषों से लगभग दोगुनी है। यह असमानता रोजमर्रा के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। राजधानी रीगा में इवेंट ऑर्गनाइजिंग का काम करने वाली दानिया नाम की महिला ने बताया कि उनकी पूरी टीम में एक भी पुरुष नहीं है। उन्होंने भर्ती के दौरान कई पुरुष उम्मीदवारों की तलाश की, लेकिन उपलब्धता ही नहीं मिली। उनकी मित्र जेन के अनुसार, देश में पुरुषों की कमी इतनी स्पष्ट है कि कई महिलाएं शादी के लिए विदेश जाने को मजबूर हो रही हैं, क्योंकि स्थानीय स्तर पर विकल्प बेहद कम हैं। पुरुषों की कमी का प्रभाव यह भी है कि कई महिलाएं जीवनभर बिना साथी के रह जाती हैं, जिसके चलते ‘हैंडिमैन’ और ‘रेंट-ए-हसबैंड’ जैसी सेवाओं का चलन तेज हो गया है। कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अब ऐसे पुरुष उपलब्ध कराते हैं जो न सिर्फ तकनीकी और घरेलू काम कुशलता से करते हैं, बल्कि अच्छी बातचीत से महिलाओं का अकेलापन कम करने में भी मदद करते हैं। एक विशेष सेवा तो फोन या ऑनलाइन बुकिंग पर तुरंत एक पुरुष को घर भेजती है, जो निर्धारित समय तक घरेलू जिम्मेदारियां निभाता है। विशेषज्ञों का मानना है कि लातविया में पुरुषों की कमी का सबसे बड़ा कारण उनकी कम जीवन प्रत्याशा है। धूम्रपान की अधिकता, अस्वस्थ जीवनशैली, तनाव और स्वास्थ्य सेवाओं की अनियमित पहुंच जैसी वजहें पुरुषों की कम उम्र में मृत्यु का कारण बन रही हैं। सुदामा/ईएमएस 14 दिसंबर 2025