*पुरानी रंजिश में पांच आरोपियों ने तलवार, पाइप और डंडों से किया हमला गांधीनगर (ईएमएस)| कलोल रेलवे पूर्व क्षेत्र में मात्र तीन दिन पुराने विवाद की रंजिश में एक श्रमिक की उसके ही जन्मदिन पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। शनिवार देर रात पांच आरोपियों ने तलवार, लोहे की पाइप और लकड़ी के डंडों से सरेआम हमला कर पुत्र के सामने ही पिता की हत्या कर दी| प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेंगारभाई परमार अपने मित्रों के साथ जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। इसी दौरान पुरानी दुश्मनी को लेकर नवीन उर्फ भाणो सोलंकी, नयन उर्फ काभई सोलंकी समेत पांच आरोपी एक रिक्शा लेकर मौके पर पहुंचे। आरोपियों ने पहले रिक्शे से टक्कर मारकर खेंगारभाई को नीचे गिराया और फिर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर डंडे से वार किया गया, पेट में चाकू मारा गया और पैरों पर भी गंभीर प्रहार किए गए। पुत्र चिराग जब पिता को बचाने के लिए दौड़ा तो आरोपियों ने उस पर भी हमला करने की कोशिश की, जिसके चलते वह जान बचाकर भाग निकला। गंभीर रूप से घायल खेंगारभाई को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि 10 दिसंबर को पड़ोस में शादी समारोह के दौरान रास्ता बंद होने को लेकर खेंगारभाई और एक आरोपी के बीच विवाद हुआ था, जो बाद में इस खूनी वारदात का कारण बना। इस मामले में कलोल शहर पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सतीश/14 दिसंबर