सीहोर (ईएमएस)। आजकल के व्यस्त समय में जहां कोई किसी के लिए एक मिनट का समय नहीं दे पाता वही प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस सीहोर के एनसीसी कैडेट्स व एनएसएस स्वयंसेवकों ने कॉलेज में लगे विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर में बढ़ चढ़कर सेवा कार्य किया। उल्लेखनीय है कि पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में रोटरी क्लब सीहोर एवं रोटरी क्लब भोपाल हिल्स के तत्वाधान में पिपुल्स हॉस्पिटल भानपुर भोपाल द्वारा निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कॉलेज के एनसीसी,एनएसएस के कैडेट्स ने बढ़ चढ़कर सहर्ष सेवा कार्य किया। सहयोगी एनसीसी अधिकारी डॉक्टर सतीश शर्मा ने बताया कि शिविर में कोई कैडेट मरीजों को रास्ता दिखा रहा था तो कोई मरीजों की जानकारी रजिस्टर में नोट कर रहा था और कोई कैडेट मरीजों को भोजन वितरण कर रहा था। इस प्रकार इन कैडेट्स ने दो दिन तक सहर्ष अपनी सेवाएं चिकित्सा शिविर में प्रदान की। कैडेट्स कि इस सेवा भावना के लिए कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर रोहिताश्व कुमार शर्मा, रोटरी क्लब भोपाल के सचिव कमल वाधवानी तथा रोटरी क्लब सीहोर के सचिव मधुर विजयवर्गीय ने सराहना की तथा कैडेट्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सभी एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स सहयोगी एनसीसी अधिकारी डॉक्टर सतीश शर्मा एवं एनएसएस प्रभारी श्री विशाल परमार व डॉक्टर मौली थॉमस के मार्गदर्शन में उत्कृष्ट सेवा कार्य किया। ईएमएस/ विमल जैन / 14 दिसंबर 2025