क्षेत्रीय
03-Mar-2026


बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में रविवार को आयोजित द सिंधी होली कार्निवल - डाडो सूथो फेस्ट ने रंग, उत्साह और सांस्कृतिक उमंग से सराबोर वातावरण बना दिया। पावरहाउस तोरवा स्थित होटल रेड डायमंड के समीप आयोजित इस भव्य होली महोत्सव में समाज के युवाओं, परिवारों एवं शहरवासियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता कर रंगोत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम में डीजे की ऊर्जावान प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रही। आधुनिक संगीत की धुनों पर प्रतिभागी रंग-गुलाल के साथ देर तक झूमते नजर आए। पारंपरिक होली उत्सव और आधुनिक कार्निवल थीम के समन्वय ने आयोजन को एक विशिष्ट पहचान दी, जिससे यह महोत्सव शहरभर में चर्चा का विषय बन गया। सांस्कृतिक रंगों से सजे इस आयोजन में उत्सवधर्मिता, सामाजिक एकता और परंपरा का सुंदर संदेश देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं, सुरक्षा एवं प्रतिभागियों की सुविधाओं का समुचित ध्यान रखा गया, जिससे सभी ने सुरक्षित और आनंदमय वातावरण में होली का पर्व मनाया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजक समिति ने सहभागी संस्थाओं एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन को सफल बनाने में विशाल मनकानी, अभिषेक माखीजा, अविनाश मोटवानी, नरेंद्र गेमनानी, हीरानंद छुगानी, सुनील आहूजा तथा राजेश गंगवानी का विशेष योगदान रहा। उपरोक्त जानकारी समिति के नीरज गेमनानी ने दी। मनोज राज 03 मार्च 2026