क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। एसईसीएल, बिलासपुर की मेजबानी में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन कोल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस - सिमेकॉन 2026 का आज 02 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोल इंडिया लिमिटेड के निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. विनय रंजन की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता साउथ इस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने की। इस अवसर पर कोल इंडिया के चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. सोमशुभ्रो गुप्ता, एसईसीएल के चिकित्सा सेवा प्रमुख डॉ.श्रुतिदेव मिश्रा तथा उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरिहंत जैन सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि डॉ. विनय रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि कोल इंडिया को गर्व है कि संगठन के पास लगभग 1200 समर्पित चिकित्सकों का सशक्त नेटवर्क है, जो 16 बड़े अस्पतालों एवं 80 से अधिक क्षेत्रीय अस्पतालों के माध्यम से देश के विभिन्न कोलफील्ड क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सक केवल उपचारकर्ता ही नहीं, बल्कि संगठन की उत्पादकता और कार्यक्षमता के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। स्वस्थ कार्यबल ही उच्च उत्पादकता की आधारशिला है। उन्होंने चिकित्सा सेवाओं में आधुनिक तकनीक, डिजिटल स्वास्थ्य निगरानी और डेटा एनालिटिक्स के प्रभावी उपयोग पर बल देते हुए भविष्य की स्वास्थ्य प्रणाली को तकनीक-सक्षम, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। तीन दिनों तक चले इस सम्मेलन में प्री-कॉन्फ्रेंस कार्यशालाएं, वैज्ञानिक सत्र और तकनीकी प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए 250 से अधिक डॉक्टरों एवं विशेषज्ञों तथा कोल इंडिया और उसकी सहायक कंपनियों के चिकित्सकों ने शोधपत्र और केस स्टडी प्रस्तुत कीं। खनन क्षेत्रों में व्यावसायिक रोगों की पहचान, आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन, उन्नत निदान तकनीक, टेलीमेडिसिन, डिजिटल हेल्थ मॉनिटरिंग और अस्पताल प्रबंधन प्रणाली जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।समापन अवसर पर सर्वश्रेष्ठ केस प्रेजेंटेशन के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। सिमेकॉन 2026 ने ज्ञान-विनिमय, अनुभव साझाकरण और चिकित्सा सेवाओं में नवाचार को प्रोत्साहित करने का सशक्त मंच प्रदान किया। मनोज राज 03 मार्च 2026