क्षेत्रीय
03-Mar-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। होली पर्व के दौरान अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा चिकित्सा सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से सिम्स चिकित्सालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक चिकित्सा अधीक्षक कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें विभिन्न विभागों के चिकित्सक, नर्सिंग अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में होली के दौरान आपातकालीन सेवाओं, वार्ड प्रबंधन, दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों के उपचार संबंधी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। निर्देश दिए गए कि त्योहार के दिनों में भी अस्पताल की सभी स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित रहें और किसी भी मरीज को उपचार में असुविधा न हो।सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि मरीजों की सेवा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियन एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि होली प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का पर्व है, इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा रासायनिक और हानिकारक रंगों के उपयोग से बचें। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि होली को देखते हुए अस्पताल की आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहेंगी। सभी विभागाध्यक्षों को आवश्यक दवाइयों, उपकरणों और संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। वार्डों में भर्ती मरीजों की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ की टीम हर समय तैयार रहेगी।बैठक में डॉ. आरती पांडे, डॉ. संगीता रमन जोगी, डॉ. प्रतीक कुमार, डॉ. ओ.पी. राज, डॉ. अमित ठाकुर, डॉ. समीर पैकरा तथा नर्सिंग अधीक्षक सरिता बहादुर के साथ उज्जवला दास, पुष्पलता शर्मा और नेहा उड़ान उपस्थित रहीं।सिम्स प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि होली के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और किसी भी स्वास्थ्य समस्या पर तुरंत अस्पताल की आपात सेवा का लाभ लें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान भी सभी आवश्यक चिकित्सा सेवाएं पूरी तरह सुचारू रहेंगी। मनोज राज 03 मार्च 2026