राज्य
14-Dec-2025


मुलताई (ईएमएस)। मुलताई-बैतूल मुख्य मार्ग पर शनिवार रात करीब 10 बजे एक सडक़ दुर्घटना हो गई। पेट्रोल पंप के सामने सडक़ किनारे खड़ी एक कार को पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टक्कर लगने वाली कार में पांढुर्णा निवासी घाघरे परिवार सवार था। परिवार किसी आवश्यक कार्य से सडक़ किनारे रुका हुआ था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही बोलेरो का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार से जा टकराया, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बोलेरो चालक को भी कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो चालक ने कार को देखकर वाहन रोकने का प्रयास किया, लेकिन समय पर ब्रेक नहीं लग पाने के कारण टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई, जिसके चलते थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर रात के समय तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर हादसों की आशंका बनी रहती है। / ई एम एस /14दिसंबर, 2025