ज़रा हटके
15-Dec-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। ठंड में ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए, जो शरीर में गर्मी, ताकत और पोषक तत्वों की भरपूर मात्रा दें। ऐसी सलाह चिकित्सक और आयुर्वेद विशेषज्ञ अक्सर देते हैं। इन्हीं पौष्टिक खाद्य पदार्थों में से एक है मूंगफली, जिसे सर्दियों का सस्ता, सरल और शक्तिशाली सुपरफूड कहा जाता है। मूंगफली का सेवन शरीर को कई अद्भुत फायदे देता है और यदि इसे सही तरीके से खाया जाए तो इसके लाभ कई गुना बढ़ जाते हैं। आयुर्वेद में तो मूंगफली को औषधि का दर्जा दिया गया है, जो शरीर में रोगों से लड़ने की क्षमता विकसित करती है और वात दोष को संतुलित रखती है। यही कारण है कि यह मांसपेशियों और हड्डियों की मरम्मत करने के साथ-साथ पूरे शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा प्रदान करती है। मूंगफली हृदय के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती है। इसमें विटामिन ई और मोनोअनसैचुरेटेड फैट पाया जाता है, जो हृदय को स्वस्थ रखने में मदद करता है और शरीर में बुरे कोलेस्ट्रॉल का स्तर घटाने में सहायक होता है। बुरा कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर हृदय की धमनियों में अवरोध उत्पन्न हो सकता है, जिससे हार्ट अटैक और अन्य हृदय रोगों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में मूंगफली का नियमित लेकिन संतुलित सेवन दिल को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभाता है। इसके अलावा, मूंगफली मधुमेह के रोगियों के लिए भी लाभकारी है, क्योंकि इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे रक्त में शुगर का स्तर नियंत्रण में रहता है। वजन बढ़ाने और घटाने दोनों ही मामलों में भी मूंगफली बेहतरीन विकल्प है। इसमें मौजूद हाई प्रोटीन और हेल्दी फैट वजन बढ़ाने में मदद करते हैं, जबकि कम मात्रा में मूंगफली खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है, जिससे बार-बार खाने की इच्छा कम होती है और वजन नियंत्रित रहता है। यही कारण है कि फिटनेस ट्रेनर और न्यूट्रीशन एक्सपर्ट इसे हेल्दी स्नैक के रूप में सुझाते हैं। मूंगफली स्किन और ब्रेन हेल्थ के लिए भी वरदान मानी जाती है। इसमें मौजूद विटामिन बी-12 और अन्य पोषक तत्व दिमाग की नसों को मजबूत बनाते हैं और त्वचा को पोषण प्रदान करते हैं। हालांकि, मूंगफली का सेवन सही समय और सही संयोजन के साथ करना जरूरी है। मूंगफली को गुड़ या शहद के साथ खाने से इसका लाभ दोगुना हो जाता है। इसके अलावा, मूंगफली का चूरमा बनाकर भी इसे स्वादिष्ट और पौष्टिक तरीके से खाया जा सकता है। यह ऊर्जा से भरपूर सर्दियों का संपूर्ण सुपरफूड माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार मूंगफली सुबह 10 से 11 बजे के बीच खाना सबसे उपयुक्त माना जाता है। रात के समय मूंगफली खाने से बचना चाहिए, क्योंकि यह भारी होती है और पाचन में परेशानी पैदा कर सकती है। सुदामा/ईएमएस 15 दिसंबर 2025