राष्ट्रीय
16-Dec-2025
...


-लंबे समय बाद शशि थरुर ने कांग्रेस के सुर में मिलाया सुर नई दिल्ली (ईएमएस)। लोकसभा में मंगलवार को मनरेगा का नाम बदलने सहित कई प्रावधानों में फेरबदल वाले विधेयक को पेश किया गया है। नए विधेयक में मनरेगा को अब विकसित भारत-जी राम जी योजना नाम देने की तैयारी हो रही है। इस विधेयक को लेकर संसद में दिलचस्प बहस देखने को मिली है। कांग्रेस की ओर से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने तीखा विरोध किया। वहीं उनके बाद बोलने खड़े हुए शशि थरूर ने भी लंबे समय बाद कांग्रेस के सुर में सुर मिलाया। उन्होंने कहा कि मैं मनरेगा स्कीम से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम बदलने के खिलाफ हूं। कांग्रेस नेता थरूर ने कहा कि मैं जी राम जी विधेयक का विरोध करता हूं। मेरी पहली शिकायत यह है कि इसका नाम बदला जा रहा है, जो पहले महात्मा गांधी के ऊपर था। महात्मा गांधी का राम राज्य का विजन राजनीतिक आयोजन नहीं था बल्कि सामाजिक सुधार था। वह चाहते थे कि हर गांव सशक्त हो और राम राज्य जैसी स्थिति बने। मेरे बचपन में गाते देखा कि देखो ओ दिवानों ये काम ना करो, राम का नाम बदनाम ना करो। थरुर ने कहा कि इसके अलावा 40 फीसदी बजट सीधे राज्य सरकार के हिस्से में डालना गलत है। इससे उन राज्यों के लिए संकट की स्थिति पैदा होगी, जिनके पास राजस्व का संग्रह कम है। इसतरह के राज्य जो पहले ही किसी तरह की मदद पर निर्भर हैं, आखिर वे कैसे इस स्कीम के लिए फंडिंग कर पाएंगे। कांग्रेस सांसद का पार्टी के स्टैंड से मिलता हुआ यह रुख लंबे समय बाद देखने को मिला है। वह कई बार पीएम नरेंद्र मोदी की तारीफ कर चुके हैं। इसके अलावा कांग्रेस की लगातार तीन मीटिंगों से गैरहाजिर रहे हैं। आशीष दुबे / 16 दिसंबर 2025