जम्मू,(ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस पार्टी के वोट चोरी के आरोपों और अभियान से इंडिया गठबंधन को अलग किया है। उन्होंने कहा कि इस वोट चोरी मुद्दे से इंडिया गठबंधन का कोई लेना-देना नहीं है। हर राजनीतिक दल अपना एजेंडा तय करने के लिए स्वतंत्र है। कांग्रेस ने वोट चोरी को अपना मुख्य मुद्दा बनाया है, लेकिन नेशनल कॉन्फ्रेंस (उनकी पार्टी) अपने मुद्दे खुद चुनेगी। वहां कांग्रेस के चुने मुददों पर राजनीति नहीं करेगी। वहीं भाजपा नेता शशांक मणि ने प्रतिक्रिया देकर कहा कि उमर समझ रहे हैं कि विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) का उद्देश्य किसी को निशाना बनाना नहीं, बल्कि वास्तविक मतदाता सूची को अपडेट करना और चुनावी सुधार करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह लोग इंडिया गठबंधन से अलग होते रहने वाले है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों इंडिया गठबंधन के कई और दल भी इस वोट चोरी के मुददे से अलग हो जाएगी। वहीं कांग्रेस ने दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोर गद्दी छोड़ रैली का आयोजन कर अपने अभियान को तेज़ किया है। उन्होंने रैली में मुख्य चुनाव आयुक्त एवं अन्य चुनाव आयुक्त विधेयक, 2023 में बदलाव करने और कांग्रेस के सत्ता में आने पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर संधू और विवेक जोशी के खिलाफ कार्रवाई करने का संकल्प लिया। बात दें कि चुनावी अनियमितताओं के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के भीतर मतभेद सामने आए हैं, जहाँ उमर अब्दुल्ला ने कांग्रेस के आक्रामक रुख से दूरी बना ली है, जबकि भाजपा इसे चुनावी सुधार का मामला बता रही है। आशीष दुबे / 16 दिसंबर 2025