गिरिडीह (ईएमएस)। जिले के धनवार थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरसाय स्थित नकटीटांड़ में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। मृतक की पहचान हिरोडीह थाना क्षेत्र के हीरोडीह थाना क्षेत्र के मनिकबाद निवासी 28 वर्षीय कमलेश सिंह के रूप में हुई है। वहीं गम्भीर रूप से घायल व्यक्ति किशोरी अग्रवाल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार विवादित जमीन पर बॉन्ड्री निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ। देखते ही देखते यह विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से लाठी डंडे, ईंट पत्थर बरसने लगे। घटना में कमलेश सिंह और किशोरी अग्रवाल गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें आनन फानन में इलाज हेतु धनवार रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान कमलेश सिंह की मौत हो गई। वहीं किशोरी अग्रवाल का इलाज चल रहा है। लेकिन उनकी भी स्थिति चिंता जनक बनी हुई थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना की पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। राजेश कुमार/ ईएमएस/ 18 दिसम्बर 2025