राज्य
18-Dec-2025
...


:: टीबी उन्मूलन में समर्पित जीवन और निस्वार्थ सेवा के लिए स्टेट टीबी एसोसिएशन ने किया सम्मानित :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के प्रख्यात क्षय रोग विशेषज्ञ और पूर्व जिला क्षय अधिकारी डॉ. विजय छजलानी को चिकित्सा के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान के लिए लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया है। मध्यप्रदेश स्टेट टीबी एसोसिएशन, भोपाल द्वारा आयोजित एक गरिमामय समारोह में उन्हें यह सम्मान राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम में उनके द्वारा दी गई जीवनपर्यंत सेवाओं और असाध्य रोगों से जूझ रहे मरीजों के प्रति उनके समर्पण के उपलक्ष्य में प्रदान किया गया। मप्र स्टेट टीबी एसोसिएशन के अध्यक्ष जयपाल सचदेव एवं मानद सेक्रेटरी डॉ. मनोज वर्मा ने डॉ. छजलानी को यह प्रतिष्ठित अवार्ड प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि डॉ. छजलानी ने इंदौर जिले में लगातार 12 वर्षों तक जिला क्षय अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दी हैं। इस कार्यकाल के दौरान उन्होंने न केवल टीबी उन्मूलन अभियानों का कुशलतापूर्वक नेतृत्व किया, बल्कि समाज के अंतिम पंक्ति के मरीजों के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा। :: गरीब मरीजों के लिए बने संबल :: डॉ. छजलानी का कार्यकाल विशेष रूप से निर्धन टीबी मरीजों को पोषण आहार उपलब्ध कराने वाली योजनाओं और निःस्वार्थ सेवा अभियानों के लिए याद किया जाता है। उनके मार्गदर्शन में इंदौर ने क्षय रोग नियंत्रण की दिशा में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। :: चिकित्सा जगत में हर्ष की लहर :: डॉ. छजलानी को मिले इस गौरवपूर्ण सम्मान पर क्षय पीड़ित सहायक संघ के अध्यक्ष एच एल जैन, सचिव जयप्रकाश माहेश्वरी और उपाध्यक्ष आशीष शुक्ला ने हर्ष व्यक्त किया है। साथ ही वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अतुल खराटे, डॉ. जीडी नागर, डॉ. शरद दोशी एवं डॉ. शैलेन्द्र कुमार जैन सहित शहर के अनेक गणमान्य चिकित्सकों ने इस उपलब्धि को इंदौर के चिकित्सा जगत का सम्मान बताते हुए उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दी हैं। प्रकाश/18 दिसम्बर 2025 संलग्न चित्र - भोपाल में आयोजित भव्य समारोह में इंदौर के पूर्व जिला क्षय अधिकारी डॉ. विजय छजलानी को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित करते अतिथिगण।