राष्ट्रीय
20-Dec-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। कांग्रेस नेता और लोकसभा सांसद शशि थरूर ने बांग्लादेश में बढ़ती हिंसा, खासकर मीडिया हाउस और पत्रकारों पर हाल के हमलों पर गहरी चिंता जाहिर की है। भीड़ की हिंसा और आगजनी की खबरों पर प्रतिक्रिया देकर थरूर ने कहा कि ऐसी घटनाएं सिर्फ अलग-अलग संस्थानों पर हमले नहीं हैं, बल्कि प्रेस की आज़ादी और एक बहुलवादी समाज पर सीधा हमला है। कांग्रेस नेता थरूर ने बांग्लादेश के प्रमुख अखबारों के दफ्तरों पर भीड़ के जानबूझकर किए गए हमलों की खबरों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मीडिया दफ्तरों को जलाना और पत्रकारों को धमकी देना चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि वे पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। कांग्रेस सांसद थरुर ने सुरक्षा चिंताओं के कारण खुलना और राजशाही में भारतीय सहायक उच्चायोगों में वीजा सेवाओं के निलंबन पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आम लोगों, खासकर छात्रों, मरीजों और परिवारों के लिए एक बड़ा झटका बताया, जो सीमा पार यात्रा पर निर्भर हैं। थरूर के अनुसार, यह रुकावट तब आई है, जब रिश्ते और लोगों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो रही थी। बांग्लादेश में 12 फरवरी, 2026 को राष्ट्रीय चुनाव होने हैं, थरूर ने चेतावनी दी कि हिंसा और असहिष्णुता का मौजूदा माहौल लोकतांत्रिक प्रक्रिया को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। कांग्रेस नेता थरूर ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से शांति बहाल करने के लिए मज़बूत और तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, राजनयिक मिशनों की सुरक्षा, और हिंसा के बजाय बातचीत के ज़रिए कानून-व्यवस्था बहाल करना। उन्होंने कहा कि अंतरिम प्रमुख मुहम्मद यूनुस को इस संवेदनशील बदलाव के दौर में स्थिरता सुनिश्चित करने के प्रयासों का व्यक्तिगत रूप से नेतृत्व करना चाहिए। बांग्लादेश में उस्मान हादी की मौत के बाद बड़े पैमाने पर अशांति देखी जा रही है, जिन्हें इस महीने की शुरुआत में ढाका में गोली मार दी गई थी और बाद में सिंगापुर के एक अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। उनका शव ढाका लाए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन तेज़ हो गए, सड़कें जाम कर दी गईं और शाहबाग चौराहे के पास झड़पों की खबरें आईं। आशीष दुबे / 20 दिसंबर 2025