राज्य
22-Dec-2025
...


वडोदरा (ईएमएस)| वडोदरा के युवा शूटर आर्यन सिंह ने गुजरात का प्रतिनिधित्व करते हुए नई दिल्ली में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता–2025 में इतिहास रच दिया है। उन्होंने नई शुरू की गई ISSF ट्रैप यूथ मेन्स इंडिविजुअल स्पर्धा में 118/125 का शानदार स्कोर कर राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वे इस स्पर्धा के राष्ट्रीय चैंपियन बने हैं। आर्यन सिंह खेलो इंडिया एथलीट हैं और वे नई दिल्ली के डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज तथा वडोदरा के सावली तालुका राइफल एसोसिएशन के शूटिंग रेंज में प्रशिक्षण ले रहे हैं। वर्षों की एकाग्रता, निरंतर मेहनत और दृढ़ संकल्प के परिणामस्वरूप आर्यन ने यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। आर्यन के पिता ईश्वर सिंह ने अपने पुत्र की सफलता का श्रेय न केवल उसकी कड़ी मेहनत और लगन को दिया, बल्कि वर्षों से मिले संस्थागत सहयोग को भी माना। उन्होंने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया, गुजरात स्टेट राइफल एसोसिएशन, साथ ही वडोदरा जिला कलेक्टर कार्यालय और वडोदरा पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इसके अलावा, आर्यन के प्रायोजकों का भी उन्होंने हृदय से धन्यवाद किया, जिन्होंने उसकी खेल यात्रा में निरंतर प्रोत्साहन और सहयोग प्रदान किया। आर्यन की सफलता में विश्वस्तरीय अनुभव रखने वाले मार्गदर्शकों का भी विशेष योगदान रहा है। पीटर विल्सन और पी. एन. प्रकाश के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया। पीटर विल्सन 2012 ओलंपिक में डबल ट्रैप स्पर्धा के स्वर्ण पदक विजेता हैं, जबकि पी. एन. प्रकाश भारत के ओलंपियन और पिस्टल शूटिंग में कई बार अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता रह चुके हैं। दोनों ने आर्यन को क्रमशः तकनीकी और मानसिक तैयारी में अमूल्य मार्गदर्शन दिया। वडोदरा के इस युवा खिलाड़ी ने राष्ट्रीय स्तर पर गुजरात का नाम रोशन कर शहर और राज्य के लिए गर्व का क्षण पैदा किया है। सतीश/22 दिसंबर