खेल
23-Dec-2025
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। हॉकी के प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है। अब वे मुफ्त में ही हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) मुकाबले देख सकेंगे। हॉकी इंडिया ने कहा है कि खेल के प्रति लोगों का रुझाने के लिए वह मुफ्त में टिकट उपलब्ध कराएगा। इससे देश के अलग-अलग शहरों में हॉकी के लिए प्रशंसकों की रुचि जागेगी। इस साल की हॉकी इंडिया लीग में आठ पुरुष टीमें और चार महिला टीमें हिस्सा लेंगी। नए प्रारुप के साथ दोनों लीग में तेज रफ्तार और रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे, जिससे प्रशंसकों को पूरे एक महीने तक शानदार हॉकी का आनंद मिलेगा। हॉकी इंडिया ने कहा कि महिला हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत 28 दिसंबर से रांची में होगी और यह टूर्नामेंट 10 जनवरी तक चलेगा। वहीं, पुरुष हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत 3 जनवरी से चेन्नई में होगी। जिसके बाद मुकाबले 11 जनवरी से रांची में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का अंतिम चरण वाले भुवनेश्वर में 17 से 26 जनवरी के बीच खेला जाएगा। पिछली बार की तरह इस बार भी हॉकी इंडिया देश के हर कोने तक हॉकी पहुंचाने और इसे अधिक सुलभ बनाने के अपने लक्ष्य पर कायम है।हॉकी इंडिया लीग की गवर्निंग कमेटी के चेयरपर्सन दिलीप तिर्की ने कहा, हमने एक बार फिर फैसला किया है कि चेन्नई, रांची और भुवनेश्वर में होने वाले सभी मुकाबलों के लिए हॉकी प्रेमियों को मुफ्त टिकट दिए जाएंगे। महिला लीग रांची में होगी, जबकि पुरुषों की लीग तीन शहरों में खेली जाएगी। हमारा लक्ष्य स्टेडियम को उन प्रशसंकों को खींचना है जो अपने स्टार खिलाड़ियों को खेलते देखना चाहते हैं। इस सत्र में दुनिया भर के कई शीर्ष खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है।वहीं गवर्निंग कमेटी के सदस्य भोला नाथ सिंह ने कहा, हीरा एचआईएल एक माह तक चलने वाला हॉकी का टूर्नामेंट होगा। हम सभी हॉकी प्रेमियों को इसे देखने के लिए आमंत्रित करते हैं। हमारा लक्ष्य पूरे देश में हॉकी की लोकप्रियता को बढ़ाना है,हमें उम्मीद है कि अधिक से अधिक संख्या में प्रशंसक मैच देखने आयेंगे।। गिरजा/ईएमएस 23 दिसंबर 2025