पीपीपी मोड पर आकार लेगा देश का पहला मेडिकल कॉलेज धार/बैतूल। मध्य प्रदेश के धार और बैतूल जिले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 260 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले मेडिकल कॉलेज का भूमिपूजन किया। इस मौके पर जिले को स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई विकास कार्यों की सौगात भी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा है कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में मप्र आज एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व उपलब्धि हासिल कर रहा है। प्रदेश के दो जनजातीय बाहुल्य जिलों में आज मेडिकल कॉलेजों का भूमि पूजन हो रहा है। धार में पीपीपी मोड पर आकार लेगा देश का पहला मेडिकल कॉलेज। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के समग्र विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाएं पहुंचाना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पीपीपी मॉडल में समाज और सरकार मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण कर, हर व्यक्ति तक बेहतर इलाज पहुंचाने की दिशा में कार्य करेंगे। सेवा और विकास हमारी सरकार का मूल मंत्र है, विगत दो वर्ष जनकल्याण और विकास की दृष्टि से अद्वितीय रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि धार में मेडिकल कॉलेज का भूमि-पूजन देश के लिए ऐतिहासिक अवसर है। मध्यप्रदेश ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश को एक नेतृत्व दिया है। राज्य में नवाचारी सोच और जन सहभागिता के साथ देश में पीपीपी मोड के आधार पर पहला मेडिकल कॉलेज शुरू किया जा रहा है। मध्यप्रदेश ने इस मामले में देश का नेतृत्व किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का एकमात्र राज्य है, जिसके दो बड़े शहरों- भोपाल और इंदौर में सालभर के अंदर मेट्रो ट्रेन का शुभारंभ हुआ। इसके साथ ही प्रदेश में हवाई सेवाओं का भी विस्तार हो रहा है। अब रीवा से इंदौर और नई दिल्ली के लिए हवाई सेवा उपलब्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव धार में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास के लिए पीजी कॉलेज मैदान धार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन और उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव तथा केन्द्रीय मंत्री श्री नड्डा ने रिमोट का बटन दबाकर मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास और धार जिले के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया। प्रदेश में अब 33 मेडिकल कॉलेज मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य में वर्ष 2002-03 तक मात्र 5 मेडिकल कॉलेज थे। अब प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 33 हो चुकी है। राज्य में पिछले दो सालों में 6 शासकीय मेडिकल कॉलेज शुरू किए गए। इनमें आदिवासी अंचल सिंगरौली और श्योपुर के मेडिकल कॉलेज भी शामिल हैं। राज्य सरकार ने सीनियर रेजिडेंट्स डॉक्टरों के 354 पदों को स्वीकृति दी है। प्रदेश में सिकल सेल एनीमिया अभियान को आगे बढ़ाते हुए 1 करोड़ 25 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है। धार में 15 लाख से अधिक लोगों की सिकल सेल कार्यक्रम के तहत जांच की गई। प्रदेश के टीकमगढ़, नीमच, सिंगरौली, श्योपुर, डिंडौरी के अस्पतालों में 800 बेड का उन्नयन और डॉक्टरों के 810 नए पदों की स्वीकृति प्रदान की जा रही है। मुलताई का नाम अब मूलतापी होगा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैतूल प्रवास के दौरान मुलताई नगर का नाम बदलकर ‘मूलतापी’ करने की घोषणा की। यह ऐलान उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा की मौजूदगी में एक मेडिकल कॉलेज के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस संबंध में मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख द्वारा प्रस्ताव भेजा गया है, जिसे राज्य सरकार आगे बढ़ाएगी। उन्होंने बैतूल में आदिवासी संग्रहालय बनाने का भी ऐलान किया। सीएम की घोषणा के बाद मुलताई नगर में उत्साह का माहौल है। नगरवासी लंबे समय से इसके ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए नाम परिवर्तन की मांग कर रहे थे। नागरिकों, सामाजिक संगठनों और धर्माचार्यों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया है।