फिरोजाबाद (ईएमएस)। उत्तरप्रदेश के फिरोजाबाद में हीटर पर खाना बना रही गर्भवती जिंदा जल गई। मटसेना के गांव लेखराजपुर में हुई घटना से अफरातफरी मच गई। ससुराल वाले शव पड़ा छोड़ भाग गए। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने आठ ससुराल वालों पर दहेज के लिए जलाकर मारने का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। मक्खनपुर के गांव जाफराबाद निवासी 22 वर्षीय राधा की शादी दो वर्ष पूर्व प्रेम कुमार से हुई थी। सुबह आठ बजे राधा बिजली के हीटर पर खाना बना रही थी। तभी हीटर में करंट आने से राधा की जलकर मृत्यु हो गई। पड़ोसियों की सूचना पर पिता रतन सिंह और अन्य स्वजन पहुंचे। उनका आरोप था कि राधा के पैरों में हीटर से जलने के निशान थे। ससुराल वालों ने जलाकर मारा है। सूचना पर पुलिस पहुंची। रतन सिंह ने बताया कि ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। 15 दिन पहले भी मारपीट की थी। तब थाने में समझौता हुआ था। बेटी की जलाकर हत्या के बाद पति और ससुराल वाले फरार हो गए। बेटी सात माह की गर्भवती थी। आशीष दुबे / 24 दिसंबर 2025