अहमदाबाद (ईएमएस)| शहर के अनुपम ब्रिज पर एएमटीएस बस और एक दोपहिया वाहन के बीच दुर्घटना हो गई। आज हुए इस भीषण हादसे में अपनी मां के साथ जा रहे 12 वर्षीय किशोर हेनिल गुप्ता की मौत हो गई। ट्रैफिक एच डिवीजन पुलिस ने एएमटीएस बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस दुर्घटना की जांच सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से भी की जाएगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह करीब 10:30 बजे शहर के अत्यधिक व्यस्त अनुपम ब्रिज पर बस और दोपहिया वाहन के बीच टक्कर हुई। इस दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय हेनिल गुप्ता की जान चली गई। एक महिला अपने 12 वर्षीय बच्चे को दोपहिया वाहन पर लेकर जा रही थी। इसी दौरान अनुपम ब्रिज पर बस और दोपहिया की टक्कर हो गई, जिससे मां और बच्चा सड़क पर उछलकर गिर पड़े। इस दुर्घटना में बच्चे को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे एल.जी. अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सतीश/24 दिसंबर