राष्ट्रीय
24-Dec-2025
...


:: दमदार दो साल पर बोले सीएम- नक्सलवाद का खात्मा बड़ी उपलब्धि; 2026 किसान और 2027 युवाओं को समर्पित :: इंदौर/भोपाल (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश विकास और जन-कल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। डी.डी. कॉन्क्लेव-2025 में सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने विजन-2047 का रोडमैप साझा किया, जिसके तहत मध्यप्रदेश को 225 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय को 22 लाख रुपये तक ले जाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री ने लाल सलाम को आखिरी सलाम कहते हुए नक्सलवाद के खात्मे को अपनी सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र के सहयोग से निर्धारित समय-सीमा से पहले प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाया गया है। सुशासन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकारी धन का सदुपयोग और मितव्ययिता हमारी प्राथमिकता है। :: रोडमैप : अब किसानों और युवाओं की बारी :: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2025 को उद्योग एवं रोजगार वर्ष के रूप में मनाने के बाद, अब वर्ष 2026 कृषि एवं कृषक कल्याण को समर्पित होगा। इसके पश्चात वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब प्रदेश में निवेश केवल कागजों पर नहीं है, बल्कि 30 प्रतिशत से अधिक निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर रहे हैं। :: विकास के मील के पत्थर : दो साल की बड़ी उपलब्धियां :: ऊर्जा क्रांति : मध्यप्रदेश देश में सबसे सस्ती बिजली दे रहा है; दिल्ली मेट्रो भी एमपी की सौर ऊर्जा से दौड़ रही है। नारी सम्मान : लाड़ली बहना योजना की राशि में डेढ़ गुना वृद्धि कर सामाजिक न्याय सुनिश्चित किया गया। स्वास्थ्य सेवा : एयर एम्बुलेंस और पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेजों की स्थापना जैसे नवाचार जमीन पर उतरे। पर्यटन व पर्यावरण : सिंहस्थ-2028 की तैयारियां शुरू; टाइगर स्टेट के बाद अब चीता स्टेट के रूप में वैश्विक पहचान। :: सादगी का संदेश :: मुख्यमंत्री ने अपने बेटे की शादी सामूहिक विवाह सम्मेलन में करने के निर्णय पर कहा कि यह सामाजिक कार्यक्रमों में फिजूलखर्ची रोकने और सादगी का संदेश देने का प्रयास था। इस अवसर पर केंद्रीय सूचना प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने कहा कि मध्यप्रदेश डबल इंजन सरकार के विजन को धरातल पर उतारते हुए विकास का केंद्र बनकर उभरा है। कॉन्क्लेव में सीएम ने दमदार दो साल-मोहन सरकार लघु फिल्म का विमोचन भी किया। प्रकाश/24 दिसम्बर 2025