लंदन,(ईएमएस)। ब्रिटेन की मशहूर ऑक्सफोर्ड यूनियन सोसाइटी में भारत और पाकिस्तान के छात्र के बीच डिबेट हुई थी। इस डिबेट में भारतीय पक्ष की तरफ से मुंबई के छात्र विरांश भानुशाली और पाकिस्तानी पक्ष की तरफ से मूसा हर्राज ने भाग लिया था। यह डिबेट 27 नवंबर को हुई थी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बहस का टाइटल इंडियाज पॉलिसी टूवर्ड पाकिस्तान इज अ स्ट्रेजी सोल्ड सिक्युरिटी पॉलिसी रखा गया था। बहस के दौरान भानुशाली ने मुंबई के 26/11 हमले को कड़वा सबक बताते हुए कहा कि हमने यह बात मुश्किल तरीके से सीखी है कि जिस देश में शर्म नहीं होती, उसे आप शर्मिंदा नहीं कर सकते। वहीं बहस के दौरान मूसा हर्राज ने भारतीय पक्ष पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि भारत में जब भी कोई समस्या होती है, हर बात के लिए पाकिस्तान को दोषी बताया जाता है। भारत की सरकार पाकिस्तान के नाम पर डर दिखाकर लोगों का समर्थन हासिल करना चाहती है। क्या यह सुरक्षा है या सिर्फ राजनीति? इस पर विरांश भानुशाली ने जवाब दिया कि मैं मुंबई से हूं। मैंने 26/11 के हमले अपनी आंखों के सामने होते देखे हैं। उस रात मेरी मौसी उसी स्टेशन से गुजरती थीं, जहां आतंकियों ने हमला किया। वह संयोग से बच गईं, लेकिन 166 लोग नहीं बच सके। क्या आप इसे राजनीति कहेंगे? इस पर मूसा हर्राज ने फिर सवाल दागा- कि हर देश में हिंसा होती है। क्या हर बार सख्त नीति अपनाना जरूरी है? क्या यह जनता को खुश करने का तरीका नहीं है? भानुशाली ने जवाब दिया- अगर घर के आस-पास चोरियां हो रही हों, तो क्या आप दरवाजे पर ताला नहीं लगाएंगे? क्या ताला लगाना दिखावा है या सुरक्षा? भारत की नीति भी ऐसी ही है। सिराज/ईएमएस 25दिसंबर25