क्षेत्रीय
25-Dec-2025
...


ग्वालियर ( ईएमएस ) । क्रिसमस के अवसर पर ग्वालियर शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला। इस मौके पर चिड़ियाघर, वेस्ट टू वंडर पार्क, वोट क्लब, मछली घर एवं जिओ लॉजिकल म्यूजियम सहित शहर के प्रमुख पर्यटन और मनोरंजन स्थलों पर बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे। सुबह से ही परिवारों, युवाओं और बच्चों की भीड़ इन स्थानों पर नजर आई। चिड़ियाघर में बच्चों ने वन्यजीवों को देखने का आनंद लिया, वहीं वंडर पार्क में झूले और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र बने रहे। वोट क्लब में भी लोगों ने नौकायन और प्राकृतिक वातावरण के बीच समय बिताया। क्रिसमस के चलते कई स्थानों को विशेष रूप से सजाया गया था, जिससे उत्सव का उल्लास और बढ़ गया। पर्यटन स्थलों पर बढ़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कुल मिलाकर क्रिसमस का पर्व ग्वालियर में हर्षोल्लास और मनोरंजन के साथ मनाया गया।